अनिल मिश्र/पटना
आज लोकसभा में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल पेश होते ही बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने इसका जोरदार विरोध किया है। राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इस बिल को संवैधानिक ढांचे पर प्रहार बताया है।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को लोकसभा में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ बिल पेश किया। इस पर बिहार में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिल का विरोध करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के खिलाफ है। यब बिल संवैधानिक ढांचे पर प्रहार है। तेजस्वी यादव आज ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा’ को लेकर मधेपुरा पहुंचने के बाद यहां पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ का विरोध करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के मुद्दे गौण हो जाएंगे। पूरे देश में अलग-अलग राज्यों के विधानसभा चुनाव में सभी राज्यों के अलग-अलग मुद्दे पर चुनाव होते हैं। इस तरह के चुनाव होने से वहां के स्थानीय मुद्दा समाप्त हो जाएगा।
इस मोके पर तेजस्वी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एजेंडे को लागू करना चाहते हैं। इसीलिए हमलोग कहते हैं कि ये लोग संविधान के विरोधी हैं। अभी भाजपा के लोग कह रहे हैं, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, फिर आगे कहेंगे ‘वन नेशन, वन पार्टी ‘ और उसके बाद कहेंगे कि ‘वन नेशन, वन लीडर’ आखिर इसका मतलब क्या है? बाद में पता चलेगा कि अब प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जरूरत ही नहीं है। नॉमिनेटेड मुख्यमंत्री दे दो इसलिए भाजपा के लोग मुख्य मुद्दे पर बात ही नहीं करते हैं।इस अवसर पर तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विज्ञापन को लेकर कम खर्च होने का तर्क दिया जा रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री विज्ञापन पर करोड़ों रुपए खर्च करते हैं। 11 साल में केंद्र सरकार विज्ञापन पर कितना खर्च की है।यह बता दें।इस दौरान उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘महिला संवाद यात्रा’ को लेकर निशाना साधा।इस अवसर पर तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी 15 दिन की यात्रा पर 2 अरब 25 करोड़ 78 लाख रुपए खर्च कर रहे हैं।