मुख्यपृष्ठनए समाचारकर्नाटक की तरह हटाओ... शिंदे-फडणवीस की भ्रष्ट सरकार!

कर्नाटक की तरह हटाओ… शिंदे-फडणवीस की भ्रष्ट सरकार!

सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा जाति और धर्म के नाम पर लोगों के बीच विवाद पैदा करके सामाजिक शांति को भंग करने का काम कर रही है। इनके इस कृत्य से अब जनता तंग हो चुकी है। भाजपा का मतलब ही भ्रष्टाचार है। कर्नाटक में ४० फीसदी कमीशन दिए बिना कोई काम नहीं होता था, इन शब्दों के साथ कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने सांगली में गरजते हुए कहा कि जैसे हमने कर्नाटक में भ्रष्ट भाजपा को घर बैठा दिया है, उसी तरह महाराष्ट्र में भ्रष्ट शिंदे-फडणवीस सरकार को भी हटाकर महाविकास आघाड़ी सरकार को सत्ता में लाओ।
महाराष्ट्र के सांगली जिले के कल्पद्रम खेल मैदान में कल आयोजित महानिर्धार २०२४ किसान संवाद व कार्यकर्ता सम्मेलन में सिद्धारमैया बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, शाहू महाराज व बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को दिशा दी। बाबासाहेब के संविधान के बिना दलित, पीड़ित, वंचित वर्ग मुख्यधारा में नहीं आता और उन्हें समान अधिकार नहीं मिलता। लेकिन जातिवादी भाजपा सरकार संविधान को ही बदलने की बात कर रही है।
सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने २२४ में से १३६ सीटें जीती हैं। कर्नाटक में भाजपा जनता के आशीर्वाद से सत्ता में नहीं आ सकी तो उसने ऑपरेशन लोटस चलाकर विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सत्ता हासिल की। कांग्रेस ने कर्नाटक में भाजपा के भ्रष्टाचार को घर-घर तक पहुंचाते हुए राज्य को उसके कुटिल शासन से मुक्त कराया है।
`चुनाव में सबक सिखाए जनता’
इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है। सिर्फ नारों, आयोजनों और विज्ञापनों के जरिए झूठे दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि झूठे दावे करने वाले शिंदे-फडणवीस सरकार को आगामी चुनाव में सबक सिखाएं। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के मन में अन्याय की भावना पैदा न हो।
`वोट मांगने के लिए देवी-देवताओं का इस्तेमाल’
प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भाजपा देवी-देवताओं का इस्तेमाल केवल चुनाव में वोट मांगने के लिए करती है। कर्नाटक में भगवान श्रीराम और बजरंगबली ने ही भाजपा को जगह दिखाई। फिल्म ‘आदिपुरुष’ में भगवान श्रीराम और हनुमान का अपमान किया गया है। पंढरपुर में जगह-जगह पांडुरगा का अपमान करते हुए पोस्टर लगाए गए। शिंदे-फडणवीस सरकार हमारे देवताओं का अपमान कर रही है। राज्य की जनता का अपमान कर रही है। पांडुरंगा का अपमान करनेवालों को तुरंत हटा देना चाहिए।

अन्य समाचार