- अमित शाह से करूंगी बात-सुप्रिया सुले
सामना संवाददाता / मुंबई
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गृह मंत्रालय नहीं संभाल पा रहे है तो उन्हें तत्काल गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, ऐसी मांग राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने की है। राज्य में दंगा होना यह गृह मंत्रालय की सबसे बड़ी असफलता है, ऐसा भी सुले ने कहा। रामनवमी के दिन राज्य के अनेक भागों में झगड़ा और तनाव की स्थिति निर्माण हो गई थी। इसके साथ ही छत्रपति संभाजी नगर में किराडपुरा भाग में दंगा हुआ, जिसके कारण अनेक भागों में वाहन और पत्थर फेंकने की घटनाएं घटी। मुंबई के मालवणी परिसर में रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान ३ गुटों में विवाद हुआ। सुप्रिया सुले ने कहा कि महाराष्ट्र में दंगा होना यह गंभीर बात है। देवेंद्र फडणवीस के पास गृह मंत्रालय की जवाबदारी है। अगर वे गृह मंत्रालय नहीं संभाल पा रहे हैं, तो उन्हें तत्काल गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। राज्य में दंगा और शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत की धमकी मामले में देवेंद्र फडणवीस को ध्यान देना चाहिए। मैं इस मुद्दे पर सांसद संजय राऊत से बात करूंगी। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात करूंगी।
राऊत को जेड प्लस की सुरक्षा
सरकार को तत्काल संजय राऊत को जेड प्लस की सुरक्षा देनी चाहिए। संजय राऊत सांसद हैं। इसके साथ ही देश के बड़े नेता हैं, इसलिए उन्हें तत्काल सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए, इसके साथ संजय राऊत की धमकी के संदर्भ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गंभीरता से लेने का भी सुले ने अनुरोध किया है।
इंटेलिजेंस की रिपोर्ट पहले मिली थी
सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि राज्य की कानून और व्यवस्था बनाए रखना गृह मंत्रालय और सत्ताधारी लोगों की जवाबदारी है। कोयता गैंग, अलग-अलग जगहों पर होने वाले दंगे, सांसद संजय राऊत को मिली धमकी इन सभी मामलों में गृह मंत्रालय फेल दिखाई दे रहा हैं। मुझे मीडिया द्वारा ऐसी जानकारी मिली है कि गृह मंत्रालय को दंगा के संदर्भ में इंटेलिजेंस की रिपोर्ट पहले मिली थी। इसके बावजूद भी इसे रोका नहीं गया। इससे सिद्ध होता है कि राज्य में जो कुछ भी घटता है। उसको रोकने में गृह मंत्रालय पूरी तरह से असफल है, ऐसा सुले ने कहा.