सामना संवाददाता / मुंबई
विधानसभा चुनाव नजदीक होने के बावजूद राज्य में इस समय तबादलों का दौर चल रहा है। हाल ही में पुलिस विभाग में हुए ट्रांसफर के बाद राज्य के आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य भर में सात आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। इसके तहत सोलापुर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीषा आव्हाले अब स्मार्ट सिटी पुणे की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर काम करेंगी। अभिनव गोयल को हिंगोली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह विनायक महामुनि को नागपुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सतीशकुमार खडके को बीड जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सौम्या शर्मा चांडक को नागपुर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कुलदीप जंगम को सोलापुर जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रदीप कुमार डांगे को नई मुंबई के कौशल्य विकास, रोजगार आणि उद्योजकता आयुक्त नियुक्त किया गया।