राज्य की शिंदे सरकार के खिलाफ और जनसमर्थन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय समाज पक्ष के ओर से शनिवार को रैली निकाली गई। चर्चगेट से दहिसर तक के लिए निकाली गई इस रैली को जोरदार समर्थन मिला। रैली के दौरान पार्टी अध्यक्ष महादेव जानकर ने शिवाजी पार्क में जाकर ने अपने पदाधिकारियों के साथ हिन्दुहॄदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की स्मृति स्थल पर जा कर माथा टेका और उनसे आशीर्वाद लेकर रैली की शुरुआत की। माना जा रहा है कि महादेव जानकर जल्द ही विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में शामिल हो सकते हैं।
हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस रैली को असफल बनाने का प्रयास किया गया। रैली को अंधेरी में पुलिस ने रोक दिया और पार्टी के अध्यक्ष महादेव जानकर सहित तमाम कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जिसके चलते अंधेरी में जाम लग गया। हालांकि बाद में पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों को हटाकर और कार्यकर्ताओं को हटा दिया।
इस मौके पर महादेव जानकर ने कहा कि उनके नेतृत्व में हुई इस रैली को असफल बनाने का प्रयास सत्ता पक्ष की ओर से किया जा रहा है। रैली को रोकने की वजह नही है। पुलिस कार्यकर्ताओ को हिरासत में लेकर रोकने का प्रयास कर रही है।
बता दें राष्ट्रीय समाज पार्टी चर्चगेट से दहिसर तक अलग-अलग ठिकानों से होते हुए रैली निकाली थी। लगभग 400 वाहनो का काफिला इस रैली में शामिल था। पुलिस ने दो जगह रैली को रोकने का प्रयास किया पहला वाकोला पुलिस स्टेशन के पास तो दूसरा अंधेरी पुलिस स्टेशन के पास। नाराज कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें धीरे-धीरे जाने की अनुमति दी।