बेटे तैमूर के साथ टहलते दिखे सैफ
सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसे एक चोर ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले से पहले चोर के घर में घुसते हुए एक नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच सैफ अली खान पर हमले के मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं अब पुलिस को एक और सबूत हाथ लगा है। आरोपी इमारत में प्रवेश करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। दूसरी ओर सैफ की पीठ पर हमला किए गए खंजर की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर को देखते हुए यह साफ हो गया है कि सब्जी काटनेवाले चाकू से सैफ पर हमला हुआ था। इस बीच लीलावती अस्पताल में सैफ बेटे तैमूर के साथ टहलते हुए दिखाई दिए।
गौरतलब है कि सैफ अली खान पर बुधवार आधी रात एक हमलावर ने चाकू से ६ बार हमला किया। इसमें सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी थी। डॉक्टरों ने सर्जरी कर उनकी रीढ़ से चाकू का ब्लेड निकाल दिया। ड़ॉक्टरों का कहना है कि यदि चाकू दो इंच और अंदर गया होता तो सैफ हमेशा के लिए दिव्यांग हो सकते थे। प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. नितिन डांगे ने उनकी सफलतापूर्वक सर्जरी की थी। सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। अब डॉक्टरों ने सैफ को लेकर अहम अपडेट दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, सैफ अली खान को आईसीयू से छुट्टी दे दी गई है। उन्हें दूसरे वॉर्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि वे काफी देर तक अपने बेटे तैमूर के साथ टहल रहे थे। डॉ. नितिन डांगे ने कहा कि सैफ का स्वास्थ्य अच्छा है। उन्हें सलाह दी गई है कि अभी घाव ताजा है, इसलिए यदि संभव हो तो लोगों से मिलने-जुलने से बचें। घाव ताजा होने से संक्रमण होने का खतरा है। उन्हें अगले सप्ताह तक आराम करने को कहा गया है।