मुख्यपृष्ठनए समाचार‘सकीना’ ने किया सरेंडर! ...  रांची कोर्ट में चल रहा है धोखाधड़ी...

‘सकीना’ ने किया सरेंडर! …  रांची कोर्ट में चल रहा है धोखाधड़ी का मामला

• मिली जमानत, अब २१ जून को होना है हाजिर

सामना संवाददाता / मुंबई
सुपरहिट फिल्म ‘गदर’ में सकीना का दमदार रोल निभानेवाली अभिनेत्री अमीषा पटेल एक धोखाधड़ी केस का सामना कर रही हैं। इसी सिलसिले में उन्हें रांची की अदालत में सरेंडर करना पड़ा। अमीषा अपना चेहरा कपड़े से ढंककर कोर्ट पहुंची। राहत की बात यह है कि अमीषा को धोखाधड़ी मामले में जमानत मिल गई है। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें २१ जून को दोबारा से पेश होने का निर्देश दिया है।
बता दें कि अमीषा पटेल पर रांची के फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह ने चेक बाउंस होने, धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया था। अमीषा पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म के प्रमोशन और पब्लिसिटी के लिए रांची के रहने वाले फिल्ममेकर अजय कुमार सिंह से २.५ करोड़ रुपए लिए थे। फिल्म पूरी होने के बाद उन्हें ब्याज समेत पैसे वापस करने थे। लेकिन २०१३ में शुरू हुई ये फिल्म पूरी नहीं हो रही थी। लिहाजा, अजय सिंह ने अपने पैसे वापस मांग लिए थे। अमीषा पर आरोप है कि उन्होंने अजय कुमार सिंह के पैसे नहीं लौटाए। अजय कुमार सिंह की वकील विजया लक्ष्मी श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल, उन्हें जमानत मिल गई है, लेकिन कोर्ट ने २१ जून को दोबारा हाजिर होने का निर्देश दिया है। अमीषा पटेल की तरफ से उनके अधिवक्ता जयप्रकाश ने पक्ष रखा।

कई समन हुए थे जारी
धोखाधड़ी और चेक बाउंस मामले में कई बार अमीषा पटेल के नाम समन जारी हो चुका है, लेकिन वो कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थीं। बाद में कोर्ट ने उनके खिलाफ वॉरंट जारी किया था। फिल्ममेकर अजय कुमार सिंह ने अपने पुराने बयान में बताया था कि अमीषा पटेल ने २.५ करोड़ रुपए फिल्म ‘देसी मैजिक’ की मेकिंग और पब्लिसिटी के लिए लिए थे। फिल्म की शूटिंग २०१३ से शुरू हुई थी, लेकिन अब तक ये फिल्म रिलीज नहीं हुई। इसे देखते हुए अजय कुमार ने अपने पैसे अमीषा पटेल से मांगे तो वो पैसे देने की बात को वे टालने लगीं। दबाव बनाने पर उन्होंने ढाई करोड़ का चेक दे दिया, लेकिन वो बाउंस हो गया। इसके बाद अजय सिंह ने कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले को लेकर अमीषा पटेल पर धोखाधड़ी का केस चल रहा है।

अन्य समाचार