मुंबई। अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर पर हुए फायरिंग मामले में मुंबई के विशेष कोर्ट ने संज्ञान लिया है। कोर्ट ने चार्जशीट को देखते हुए प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य होने की बात कही है। इस मामले में कोर्ट में सुनवाई जारी है। अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर अप्रैल महीने में बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपी विक्की कुमार गुप्ता, सागर कुमार पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद एक अन्य आरोपी अनुज कुमार थापन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मुंबई के विशेष कोर्ट मे चार्जशीट दाखिल की है। विशेष न्यायाधीश बी.डी. शेल्के ने इन आरोपियों के खिलाफ मुंबई पुलिस द्वारा दाखिल आरोपपत्र पर संज्ञान लिया। कोर्ट ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिकॉर्ड पर प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य मौजूद है, इसलिए चार्जशीट का संज्ञान लिया जाता है।