•लगातार दूसरी बार पालिकाध्यक्ष चुनाव में आप प्रत्याशी की शर्मनाक हार
•एक सभासद के जीतने से खुला खाता
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
यूपी का सुल्तानपुर जिला आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य व तेजतर्रार प्रवक्ता संजय सिंह का गृहजनपद है। इसी सुल्तानपुर शहर में रहकर वे पले बढ़े हैं और जनसरोकार की राजनीति की शुरुआत भी यहीं से की है। दिल्ली और केंद्र की राजनीति में यूं तो उनका खासा रुतबा है लेकिन अब वे अपने घर और अपनी घरेलू जमीन में ‘आप’ को सेहतमंद बनाना चाहते हैं। जब अपने शहर में उनकी पार्टी जमेगी,तभी यूपी में उसकी बेहतरी की नौबत आएगी। इसी कारण उन्होंने सुल्तानपुर के शहरी निकाय चुनाव में न सिर्फ आप का कैंडीडेट उतारा बल्कि खुद भी प्रचार में काफी वक्त गुजारा। बावजूद अपेक्षित परिणाम न मिल सका। पालिकाध्यक्ष पद के आप प्रत्याशी को शर्मनाक हार मिली। लाज बचाई सभासद पद की एक महिला उम्मीदवार हिना ने। वे प्रमुख दलों के प्रत्याशियों से लड़ते-भिड़ते आखिरकार जीत गईं। फिर भी राजनीतिक हल्के में इस सफलता को ‘आप’ के लिए बस डूबते को तिनके का सहारा भर माना जा रहा है।
करीब एक दशक से संजय सिंह दिल्ली की सियासत में हैं। वे आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं लेकिन अभी तक अपने शहर सुल्तानपुर व अमेठी में मजबूत पार्टी संगठन नहीं खड़ा कर सके। बता दें कि सन् २०१७ के निकाय चुनाव में भी आप ने पालिकाध्यक्ष पद पर पत्रकार रवि श्रीवास्तव की पत्नी नम्रता श्रीवास्तव को मैदान में उतारा था। आप के कई वजनदार नेता सोमनाथ भारती, आशुतोष व अलका लांबा आदि भी चुनावी प्रचार में पहुंचे लेकिन पार्टी को सिर्फ ६०५ मतों के साथ शर्मनाक पराजय मिली। जनता ने आप को पूरी तरह नकार दिया। इसके बाद पूरे पांच साल खामोश रहने के बाद आप फिर निकाय चुनाव में उतरी। इस बार संजय सिंह ने पूर्ववर्ती सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहे संदीप शुक्ल को अपनी पार्टी से पालिकाध्यक्षी के लिए उतार दिया। उनके साथ वे खुद भी गली-गली, मुहल्ले-मुहल्ले प्रचार में उतरे। दिल्ली के कई विधायक भी आए प्रचार में। सुल्तानपुर में दिल्ली जैसी योजनाएं लाने का वादा किया गया। आप के रणनीतिकारों को उम्मीद थी कि प्रत्याशी के सजातीय ब्राह्मणाें के साथ मुस्लिमों के वोट उन्हें मिलेंगे। लेकिन जनता ने फिर उन्हें अनसुना कर दिया। चुनाव नतीजे आए तो ९५,००० वोटरों में से महज डेढ़ हजार मत ही आप को मिले। हालांकि जिस वाॅर्ड में संजय सिंह का पुश्तैनी घर है उसके पड़ोस के वाॅर्ड लाला का पुरवा से आप की महिला उम्मीदवार हिना बानो चुनाव जीतकर सभासद बन गईं। इसे आप के लिये उम्मीद की लौ भी कहा जा सकता है। लेकिन संजय सिंह की सियासी ऊंचाई के आगे ऐसे चुनावी परिणाम तमाम सवाल भी खड़े कर रहे हैं।