मुख्यपृष्ठनए समाचार‘जय भवानी... जय शिवाजी बोलो’ भाजपा को तड़ीपार करो! ... महाड में...

‘जय भवानी… जय शिवाजी बोलो’ भाजपा को तड़ीपार करो! … महाड में अतिविराट सभा में उद्धव ठाकरे की शिवगर्जना

सामना संवाददाता / महाड
शिवसेना के कुछ गद्दारों को भाजपावालों ने सिर पर बैठा लिया है। भाजपा ने धूर्तता भरी चाल चली और छत्रपति शिवराय की शिवसेना व प्रभु श्री रामचंद्र का धनुष-बाण चुराकर इन गद्दारों के सिर पर सजा दिया। मैं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नाम के साथ मैदान में उतरा हूं। इस भगवा को दाग लगाने वालों को दफन कर फिर से भगवा फहराए बिना नहीं रहूंगा, ऐसा दृढ़ निश्चय शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने किया।

प्रधानमंत्री कर्नाटक में बजरंगबली की जय बोलकर वोट करने की बात करते हैं। मैं कहता हूं, ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारे लगाओ और भाजपा को तड़ीपार करो, ‘अबकी बार… भाजपा तड़ीपार…’ इस तरह की शिवगर्जना उद्धव ठाकरे ने विराट जनसमुदाय के समक्ष की। इस पर चांदे मैदान पर तमाम महाडकरों के ‘जय भवानी जय शिवाजी’, ‘उद्धव ठाकरे आगे बढ़ो… हम तुम्हारे साथ हैं…’ के नारों से गूंज उठा।
१० गुना तेजी से बढ़ रही है हमारी शिवसेना
पूर्व केंद्रीय मंत्री गीते ने कुछ दिनों पहले मुझसे उल्लेख किया था कि सभाओं के लिए अब मैदान छोटे पड़ने लगे हैं, वैसा ही दृश्य यहां भी है। कुछ लोगों को लग रहा था कि शिवसेना खत्म हो रही है, तो कुछ लोगों को लग रहा था कि जैसी है वैसी ही रहेगी, लेकिन शिवसेना अब १० गुना तेजी से बढ़ रही है। लोग यहां शिवसेना में बड़ी संख्या में प्रवेश कर रहे हैं। कुछ लोगों के पेट में यह बात भले हजम न हो, लेकिन अगले चुनाव में विरोधियों की डिपॉजिट जप्त हो जाएगी।
शिवसेना की आलोचना करने वालों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मेरी आलोचना करने पर ही रोटी मिलती है। शिवसेना पर टीका-टिप्पणी करनेवालों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने गद्दारी की, भाजपा ने आग लगाई और भाजपा ने ही साजिश कर हमारी पार्टी का चुनाव चिह्न चुरा लिया।

आज मेरे पास सिर्फ उद्धव बालासाहेब ठाकरे नाम के सिवा कुछ नहीं है लेकिन जनता मेरे साथ है। विधान परिषद के चुनाव में जिस तरह से कांग्रेस का उम्मीदवार शिवसेना ने दिया है, उसी तरीके से भविष्य में अगर एकजुट होकर महाविकास आघाड़ी लड़ती है तो भाजपा की पराजय निश्चित है।
कर्नाटक सीमा पर मराठी हितों के साथ अत्याचार और मुख्यमंत्री शिंदे वहां प्रचार कर रहे हैं
उन्होंने कहा कि तुलये गांव का कठोर सत्य सामने आ रहा है। यहां लोगों का पुनर्वास अब तक नहीं किया गया है। यहां दो साल हो गए लेकिन अब तक लोगों को घर नहीं मिला है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, २ वर्ष में सिर्फ १५ लोगों को घर मिला है। यहां के विधायक इतना पसीना बहा रहे हैं कि नैपकिन कम पड़ जाएगा। मैं पूछता हूं २ वर्ष हो गया है तो जनता को घर क्यों नहीं? हमारे मुख्यमंत्री सूरत, गुवाहाटी, दिल्ली यहां-वहां जाते हैं लेकिन पुनर्वसन पर बात नहीं कर पाते हैं। महाराष्ट्र कर्नाटक सीमा पर कई वर्षों से मराठी भाषियों पर अत्याचार हो रहा है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री हमारे लोगों को सताते हैं और हमारे मुख्यमंत्री वहां जाकर भाजपा का प्रचार करते हैं। गद्दारों में हिम्मत है तो पत्रकार परिषद में इसका खुलासा करें।
५६ इंच का सीना कहां गया?
उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव में लोगों की राय ली जानी चाहिए, लेकिन ये मन की बात करते हैं। २०१४ में क्या वादा किया था? उसमें से किसी ने पूछा तो उसे जेल में डाला जाता है। सांप्रदायिक दंगे कराए जा रहे हैं। वे झूठा वादा करते हैं, आप बड़ी संख्या में वोट देते हो। हमें विचार करना होगा। याद कीजिए कि शिवसेनाप्रमुख के वोट देने के अधिकार को खत्म कर दिया गया था। आज प्रधानमंत्री वोटरों से कह रहे हैं, बजरंगबली कहो और भाजपा को वोट दो, फिर आपका ५६ इंच का सीना कहां गया? आनेवाले हर चुनाव में ‘जय भवानी जय शिवाजी’ कहते हुए भाजपा को तड़ीपार करिए। सत्यपाल मलिक के साक्षात्कार का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों का इस्तेमाल भाजपा ने अपने सियासी लाभ के लिए किया। प्लेन नहीं दिया, ४० लोग शहीद हो गए और ये वोट मांग रहे थे। इन्हें अटल जी की आदर्श स्मृति को याद रखना चाहिए। पहले की भाजपा दूसरी थी।
उद्धव ठाकरे ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ प्रहार करते हुए कहा कि ‘भारत माता की जय’ बोलने से कोई देशभक्त नहीं हो जाता। जवानों के पास गोली, जनता के पास बैलेट हैं। सत्यपाल मलिक सहित अन्य दलों के लोगों के पीछे सीबीआई लगाकर पूछताछ की जा रही। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार में मोदी को करारा जवाब दिया।
हमारा हिंदुत्व राष्ट्रीयता है
उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि मैंने हिंदू धर्म छोड़ा, ऐसा कोई एक उदाहरण बताओ। शिवसेनाप्रमुख ने मुझे बताया है कि हिंदुत्व क्या है? और अब भाजपा का हिंदुत्व क्या है? गोमूत्रधारी हिंदुत्व है। महबूबा मुफ्ती के साथ बैठनेवाले क्या बताएं? आरएसएस प्रमुख भागवत मस्जिद गए, मैंने कुछ कहा। नहीं ना। उन्होंने कश्मीर में सैनिक औरंगजेब की शहादत को याद करते हुए कहा कि देश के लिए लड़नेवाली हमारी राष्ट्रीयता, हमारा हिंदुत्व है। भ्रष्टाचार से सनी भाजपा हिंदुत्व के बारे में बात करने के लायक नहीं है। भाजपा अब ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’ बन चुकी है। मेघालय में अमित शाह ने उन्हीं लोगों को लेकर सरकार बनाई, जिन पर उन्होंने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। अब उन्हीं के साथ सत्ता में बैठे हैं। कहां है हिंदुत्व? परिवार को बदनाम करना इनकी राजनीति बन गई है। लालू की बहू के साथ अमानवीय काम किया। गर्भवती थी लेकिन जांच के नाम पर उसे परेशान किया, वह बेहोश हो गई। लोग कहते हैं मोदी के खिलाफ लड़ो, लेकिन मैं मोदी व्यक्ति के खिलाफ नहीं रवैये के खिलाफ हूं।
प्रदेश में भगवा लहराएगा
पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने जनता से संवाद पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव आएंगे और जाएंगे। लेकिन अगर हम २०२४ में इस रवैये को नहीं दफनाएंगे तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। नड्डा का बयान याद करो। इन गद्दारों को चुनौती देता हूं कि दम है तो सारे चुनाव एक साथ कराओ, तुम मोदी का नाम लेकर आओ, मैं अपने बाप का नाम लेकर आता हूं। फिर देखते हैं। पुलिस को भी बता रहा हूं कि सरकार आएगी और जाएगी। यह सरकार अब हिलने लगी है। कानून का पालन करें लेकिन इसका दुरुपयोग न करें।

महाड भगवा वीरों की भूमि
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुबह बारसू में जाकर आया, वहां के लोगों की समस्याएं जानी। लोगों के साथ शिवसेना खड़ी है। यह महाड विधानसभा पहले से भगवामय है, यहां शिवसेना को खत्म करने का प्रयास न करें, महाड जो है, वह ऐतिहासिक महापुरुषों की भूमि है। यहां भगवा को हाथ लगाने की किसी की हिम्मत नहीं है। निष्ठा वैâसी यह तानाजी दिखाते हैं। यहां भगवा के साथ बेईमानी नहीं होती, ऐसी यह भूमि है।

बारसू में स्थानीय लोगों के साथ विश्वासघात
उद्धव ठाकरे ने कहा कि सुबह बारसू जाकर आया, लोगों की समस्या को जाना। यहां लोगों को मेरा पत्र दिखाया जा रहा है लेकिन मुझे कोई डर नहीं है। मैंने कोई पाप नहीं किया है। ये लोग सत्ता में बैठकर मलाई खा रहे हैं और बाहरी लोगों को जमीन बेच रहे हैं। मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए नाणार को नहीं होने दिया। गद्दार मेरे पास बारसू के लिए बार-बार पत्र मांग रहे थे। आज वह विश्वासघात कर रहे हैं। यहां स्थानीय लोगों को जबरन हटा रहे हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। यह क्या हो रहा है? इतना बंदोबस्त चीन सीमा पर किए होते तो घुसपैठ नहीं होती। बारसू में किसानों की जमीन लेने के लिए लाठी और आंसू गैस का उपयोग किया जा रहा है। विरोध करनेवाले लोगों को यहां पर तड़ीपार किया जा रहा है। पत्रकारों को गिरफ्तार किया जा रहा है। मिट्टी की जांच कर रहे हो लेकिन मिट्टी से जुड़े लोगों का विचार नहीं कर रहे हो। यहां रिफाइनरी आई तो कोकण के लोगों को निवेशकों के दरवाजे पर झुकना नहीं होगा, उसका उत्तर कौन देगा? गद्दार तो खोखे ले चुके हैं।

अन्य समाचार