आजकल विमान यात्रा करना जोखिम भरा है। कब कहां कोई समस्या आ जाए, कहा नहीं जा सकता। परसों लैंडिंग गियर में खराबी के कारण विमान को त्रिची एयरपोर्ट पर वापस उतरना पड़ा। कल इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट लेट हो गई। इस पर अभिनेत्री श्रुति हासन भड़क गर्इं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इंडिगो ने फ्लाइट के देरी से चलने की कोई जानकारी नहीं दी और वे अन्य यात्रियों के साथ एयरपोर्ट पर फंसी रहीं। श्रुति ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में इंडिगो को चार घंटे की देरी के बारे में यात्रियों को सूचित न करने के लिए फटकार लगाई। उन्होंने लिखा, ‘मैं आमतौर पर शिकायत करने वाली नहीं हूं, लेकिन आज इंडिगो की अराजकता ने मुझे वाकई निराश किया है। हम पिछले चार घंटे से बिना किसी जानकारी के एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। आप इसे अच्छे तरीके से संभाल सकते थे, यात्रियों को जानकारी, शिष्टाचार और स्पष्टता प्रदान कर सकते थे।’ ये पोस्ट वायरल हो गया। इसके बाद कई यूजर्स ने इंडिगो के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।