मुख्यपृष्ठखेलसिक्सर किंग

सिक्सर किंग

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाज उमेश यादव को मोहम्मद शमी की जगह शामिल किया गया। पिता के देहांत के बाद टीम से वापस जुड़े उमेश यादव ने मुश्किल में फंसी टीम को अपने बल्ले से कहर बरपाते हुए १०० रन के पार पहुंचाया। अपनी १३ गेंद में १७ रन बनाकर मैथ्यू कुहनमेन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। उमेश ने अपनी इस पारी के दौरान १ चौका और २ छक्के जड़े। पारी में दो छक्कों के साथ उमेश यादव टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया। टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं। सहवाग ने कुल ९० छक्के लगाए हैं, वहीं दूसरे नंबर पर ७८ छक्कों के साथ महेंद्र सिंह धोनी हैं। टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में उमेश यादव ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है, जबकि रवि शास्त्री और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। उमेश यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर टेस्ट में दो छक्के लगाए और इन दो छक्कों के साथ उनके खाते में कुल २४ छक्के हो गए हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि विराट कोहली ने भी अभी तक टेस्ट क्रिकेट में इतने ही छक्के लगाए हैं। युवराज सिंह और रवि शास्त्री के नाम टेस्ट क्रिकेट में २२-२२ छक्के दर्ज हैं।
टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-२ बल्लेबाज हम आपको बता चुके हैं, अब इस लिस्ट में विराट कोहली और उमेश यादव से ऊपर और कौन-कौन से बल्लेबाज हैं? सचिन तेंदुलकर ६९ छक्कों के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, जबकि ६८ छक्कों के साथ रोहित शर्मा चौथे पायदान पर हैं। इसके बाद नंबर आता है कपिल देव का, जिनके खाते में ६१ छक्के हैं। फिर ५७ छक्कों के साथ सौरव गांगुली, ५५ छक्कों के साथ रविंद्र जडेजा, ५५ छक्कों के साथ ऋषभ पंत, ४२ छक्कों के साथ हरभजन सिंह, ३८ छक्कों के साथ नवजोत सिंह सिद्धू, ३४ छक्कों के साथ अजिंक्य रहाणे, ३३ छक्कों के साथ मुरली विजय, २८ छक्कों के साथ मयंक अग्रवाल, २८ छक्कों के साथ जहीर खान, २६ छक्कों के साथ सुनील गावस्कर और २५ छक्कों के साथ मोहम्मद शमी का नंबर आता है।

अन्य समाचार