म्हाडा कोकण बोर्ड की निकली लॉटरी
सामना संवाददाता / मुंबई
सर्व सामान्य नागरिकों के लिए मुंबई से सटे ठाणे, नई मुंबई, कल्याण, पालघर, रायगढ़, में म्हाडा कोकण बोर्ड द्वारा बने ४,६४० घरों की लॉटरी निकाली गई। लंबे समय के इंतजार के बाद हजारों लोगों के अपने सपनों का आशियाना मिलने के बाद उनके चेहरों पर खुशी झलक रही थी, तो वहीं लॉटरी पर नजर गड़ाए हजारों लोगों के चेहरों पर मायूसी भी दिखी, जिनके नाम लॉटरी के बाद विजेता सूची में शामिल नहीं हो सके।
बता दें कि लॉटरी के लिए ४८,८०५ लोगों ने आवेदन फॉर्म भरा था, जिनमें से ४,६४० लोगों की घरों की मुराद पूरी हुई। गौरतलब हो कि म्हाडा-कोकण बोर्ड हर साल अपने घरों की लॉटरी निकालता है। इस बार म्हाडा कोकण बोर्ड ने मुंबई से सटे ठाणे, सानपाड़ा, विरार सहित रायगढ़ व अन्य जिलों में ४,६४० बने घरों की लॉटरी निकाली। इस बार लोगों में सर्वाधिक आकर्षण ठाणे और नई मुंबई में बने घरों के प्रति देखने को मिला। इन घरों के लिए आवेदन करनेवाले लोगों में मुंबईकर भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। मुंबई में आसमान छूते घरों की कीमत के चलते लोगों ने म्हाडा के घरों के लिए फॉर्म भरकर अपनी किस्मत आजमाई थी। इन घरों की लॉटरी के साथ महाडा ने १४ भूखंडों की भी लॉटरी निकाली। म्हाडा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत खोनी, शिरदोंन, विरार में बने अति अल्प घरों के विजेताओं को घरों का वितरण जल्द शुरू कर सकती है।