पहले दौर में शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा
11 से 16 सितंबर से शुरू होगा अभियान का दूसरा दौर
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए ‘विशेष मिशन इंद्रधनुष्य ५.०’ टीकाकरण अभियान के तहत शहर में 2,806 शिशुओं और 296 गर्भवती माताओं को टीका लगाया गया है। बताया गया है कि पहले दौर में अभियान के तहत निर्धारित शत प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया गया गया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने 7 से 12 अगस्त तक पूरे मुंबई में घर-घर टीकाकरण अभियान चलाया। इस अभियान का दूसरा दौर 11 से 16 सितंबर तक चलाया जाएगा।
उल्लेखनयी है कि मनपा के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सुधाकर शिंदे की अध्यक्षता में शहर एक्शन टीम और मुंबई के सात हाई रिस्क विभागों की बैठक हुई थी। इसके साथ ही 24 प्रशासनिक विभाग स्तर पर विभाग एक्शन फोर्स की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि पहले दौर के लिए स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और शून्य से पांच साल तक के 2,638 शिशुओं और 304 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए विशेष इंद्रधनुष 5-0 मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को मुख्यालय, विभाग, स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर कुल 265 प्रशिक्षण सत्रों में प्रशिक्षित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए 24 विभागों में स्थित स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर दीवारों पर पोस्टर चसपाए गए।
तीन चरणों में टीकाकरण
मनपा की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह के मुताबिक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा घर-घर सर्वेक्षण किया गया। इस सर्वेक्षण के अनुसार 7 अगस्त से 12 अगस्त के बीच 0 से 5 वर्ष की आयु के 2,606 बच्चों और 296 गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया गया है। कुल मिलाकर पहले दौर में निर्धारित लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। यह अभियान आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ ही इंडियन एसोसिएशन ऑफ पेडियाट्रिशियन के सहयोग से पूरा हुआ है। नियमित टीकाकरण को ध्यान में रखते हुए इसी अवधि के दौरान कुल 1,406 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इनमें 0 से 5 वर्ष के 11,539 बच्चों और 1,200 गर्भवती माताओं का नियमित टीकाकरण किया गया है।