सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य परिवहन निगम की बस और एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों सहित छह लोगों की मौत हो गई है। यह घटना महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सिंदखेड़ाराजा के पास हुई है। इसके अलावा करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई गई है। यह दुर्घटना मंगलवार सुबह मुंबई-नागपुर के पुराने हाइवे पर तब हुई, जब पुणे से महेकर जाने वाली राज्य परिवहन निगम की बस में कई यात्री सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर ट्रक तेज गति से आ रहा था और बस से आमने-सामने टकरा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि हादसा में मरनेवालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि इस हादसे में लोगों को गंभीर चोट आई है। बस चालक (मृतक) की पहचान राज्य परिवहन निगम के कर्मचारी शेख कुलाल के रूप में हुई है। अभी तक की मिली जानकारी से संकेत मिलता है कि टक्कर ट्रक की हाई स्पीड के कारण हुई, लेकिन सटीक कारण और किसी भी अन्य कारणों को निर्धारित करने के लिए एक जांच चल रही है।