मुख्यपृष्ठनए समाचारकला महोत्सव में मची भगदड़! डॉ. श्रीकांत शिंदे ने मांगी माफी

कला महोत्सव में मची भगदड़! डॉ. श्रीकांत शिंदे ने मांगी माफी

सुजीत श्रीवास्तव / अंबरनाथ

शिवमंदिर कला महोत्सव में रविवार को भगदड़ मच जाने से करीब ११ लोग घायल हो गए, जिसमें एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का इलाज उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल, अंबरनाथ के छाया और बालाजी अस्पताल में किया जा रहा है। इस घटना के लिए सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने माफी मांगी है। कार्यक्रम का आयोजन सांसद ‘श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन’ द्वारा किया गया था।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी १६ मार्च से १९ मार्च तक शिवमंदिर प्रांगण में शिवमंदिर कला महोत्सव का आयोजन किया गया था। पहले दिन बारिश होने के कारण महोत्सव एक दिन के लिए बढ़ाकर २० मार्च तक कर दिया गया। रविवार को अंदाज से ज्यादा भीड़ आ गई। एक ही प्रवेश द्वार होने की वजह से पुलिस भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पायी। बैरिकेट्स तोड़कर लोग अंदर घुस गए। उन्हें नियंत्रित करने के चक्कर में भगदड़ मच गई। परिणामस्वरूप ११ लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। एक महिला और एक युवक को गंभीर चोट आई है। स्थिति नियंत्रण में होने के बाद लोग अपने अपने सामान जैसे पर्स, चप्पल-जूते और टोपी ढूंढते हुए नजर आ रहे थे। कार्यक्रम के दूसरे दिन दर्जनों चप्पल-जूते और कई टोपियां कार्यक्रम स्थल पर बिखरे पड़े हुए दिखाई दिए। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने जनता से माफी मांगते हुए कहा कि लोग अनुमान से ज्यादा आ गए थे, जिससे ये हादसा हो गया।

अन्य समाचार