मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी सरकार का सत्ता में रहना लोकतंत्र के लिए घातक! ...भाजपा सरकार...

मोदी सरकार का सत्ता में रहना लोकतंत्र के लिए घातक! …भाजपा सरकार को बर्खास्त करो

• कांग्रेस ने की राज्यपाल से मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को देशभर में राजभवन पर मार्च निकाला। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि अगर मोदी सरकार लंबे समय तक सत्ता में रही तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इसलिए हमारी मांग है कि मोदी सरकार को बर्खास्त किया जाए। देश में हुए घोटाले के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में सोमवार को गिरगांव चौपाटी से राजभवन तक मार्च निकाला गया। उसके बाद कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रमेश बैस को अपना निवेदन दिया।
इस मार्च में कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण, विधान परिषद के ग्रुप लीडर सतेज बंटी पाटिल आदि नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने आगे कहा कि घोटाले की वजह से एसबीआई और एलआईसी में जनता के पैसे डूबने का डर है, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने राज्यपाल के माध्यम से लोगों की आवाज को राष्ट्रपति तक पहुंचाने के लिए यह मार्च निकाला है। यह मार्च किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं को लेकर निकाला गया है। मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं पर नकेल कस रही है, उन्हें जेल में डाल रही है। लेकिन डर के मारे भाजपा में शामिल होने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। अगर मोदी सरकार लंबे समय तक सत्ता में रही तो देश में लोकतंत्र के लिए ये घातक होगा।
आम जनता के साथ कांग्रेस-अशोक चव्हाण
मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि स्टेट बैंक और एलआईसी में लोगों का पैसा निवेश किया गया था लेकिन अब ये खतरे में हैं। घोटाले के खिलाफ देश में सबसे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आवाज उठाई। लेकिन मोदी सरकार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को संसद में बोलने की अनुमति नहीं देती है। देश की आम जनता के साथ खड़े होने के कारण कांग्रेस पार्टी जनता के हित के लिए सड़कों पर उतरी है।

लोकतंत्र और संविधान बचेगा या नहीं
विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि आज यह स्थिति हो गई है कि देश का लोकतंत्र या संविधान बचेगा या नहीं? नासिक से मुंबई की ओर किसानों का एक बड़ा मार्च शुरू हो गया है। भाजपा सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही है। किसानों को प्याज और सब्जियों के दाम नहीं मिल रहे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है। घरेलू गैस सिलिंडर १,१५० रुपए हो गया है। लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। राज्य सरकार का बजट सिर्फ आंकड़ों और घोषणाओं से भरा है। एसबीआई, एलआईसी में लोगों के पैसे डूबने का डर है। कांग्रेस पार्टी ने घोटाले की जांच के लिए एक समिति नियुक्त करने की मांग की, लेकिन मोदी सरकार इस पर चुप है।

अन्य समाचार