मुख्यपृष्ठनए समाचारजुन्नर वन विभाग में हड़कंप...चार तेंदुओं की भूख से हुई मौत!

जुन्नर वन विभाग में हड़कंप…चार तेंदुओं की भूख से हुई मौत!

  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

सामना संवाददाता / मुंबई
जंगल का जीवन बेहद अद्भुत होता है, जहां हर जानवर अपने जीवन के लिए दिन-रात संघर्ष करता है। किसी को अपनी भूख मिटाने के लिए शिकार करना पड़ता है जबकि किसी को अपनी जिंदगी बचाने के लिए लड़ना पड़ता है। ये जानवर भूख मिटाने के लिए अपनों का ही शिकार कर बैठते हैं। दरअसल, पुणे के जुन्नर वन विभाग क्षेत्र में पिछले चार महीनों में चार तेंदुओं की मौत हो गई। हालांकि, जब इनकी मौत की रिपोर्ट सामने आई तो वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुओं की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि इन बेजुबान जानवरों की मौत भूख से हुई है और उन्होंने तड़प-तड़पकर अपनी जान दे दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, जुन्नर वन विभाग क्षेत्र में सबसे अधिक तेंदुए रहते हैं। इस वन क्षेत्र के मंचर और शिरूर इलाके में चार तेंदुए मृत पाए गए थे। इन चारों तेंदुओं की मौत का मुख्य कारण भूख बताई जा रही है। जुन्नर वन विभाग के संरक्षक अमोल सातपुते ने बताया कि पिछले दो वर्षों में तेंदुओं के बीच हमने संघर्ष देखा है। तेंदुए क्षेत्र के लिए आपस में ही लड़ते हैं। पिछले २ सालों में इनकी लड़ाई काफी बढ़ गई थी। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। साथ ही पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन की वजह भी है। वहीं युवा और बूढ़े तेंदुओं का अपना क्षेत्र नहीं होता है। इसलिए उन्हें शिकार नहीं मिलता जबकि शिकार करने की क्षमता रखने वाले तेंदुए ज्यादातर इलाके में हावी हो जाते हैं। ऐसी स्थिति तब होती है जब जंगल में जानवरों की संख्या बढ़ जाती है। हालांकि, इस समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है।

अन्य समाचार