मुख्यपृष्ठसमाचारहड़ताल का एलान! १६ मार्च से ७२ घंटे की हड़ताल पर जाएंगे...

हड़ताल का एलान! १६ मार्च से ७२ घंटे की हड़ताल पर जाएंगे यूपी के बिजलीकर्मी!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तर प्रदेश के बिजलीकर्मियों ने १६ मार्च की रात से ७२ घंटे के लिए हड़ताल का एलान कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजते हुए ऊर्जा निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की शनिवार को हुई बैठक में बिजली कर्मियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर तीन दिसंबर को ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी में हुए समझौते का पालन नहीं होने पर विरोध जताया है। विद्युत कर्मचारियों के अनुसार समझौते में यह तय किया गया था कि यदि १६ मार्च तक मांगे पूरी नहीं हुई तो उसी रात १० बजे से सभी ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर, संविदा कर्मी ७२ घंटे की हड़ताल पर चले जाएंगे। ऐसे में किसी भी परिस्थिति का पूर्ण उत्तरदायित्व ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन का होगा। इससे पहले १४ मार्च को मशाल जुलूस निकाला जाएगा।१५ मार्च को सुबह १० बजे से कार्य बहिष्कार रहेगा। बैठक के बाद पूरे मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। बैठक में राजीव कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह गुर्जर, जय प्रकाश, जीवी पटेल, मनीष कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।

अन्य समाचार