सामना संवाददाता / विदिशा
क्षेत्रीय वातावरण धार्मिक रखने, बच्चों और लोगों में धर्म के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से रॉयल सिटी कॉलोनी में ब्रह्म मुहूर्त में निकाली जा रही हरि नाम संकीर्तन प्रभात फेरी के 26 जनवरी 25 को 1,001 दिन पूरे हो रहे हैं। इस उपलक्ष्य में कल 26 जनवरी को सुबह 11 बजे से भैरव बाबा घाट पर सुंदरकांड पाठ और हरि नाम संकीर्तन का आयोजन प्रभात फेरी के सदस्यों द्वारा किया गया है।
रॉयल सिटी कॉलोनी निवासी अमित दुबे ने बताया कि प्रभात फेरी की प्रेरणा उन्हें मथुरा-वृंदावन से मिली थी, जहां इस तरह की प्रभात फेरियां नित्य निकलती हैं। इसी से प्रेरणा लेकर अशोक नामदेव के साथ हम दो लोगों ने कॉलोनी में प्रभात फेरी का श्री गणेश किया था। प्रभात फेरी सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मां नारायणी मंदिर रॉयल सिटी कॉलोनी से प्रारंभ होकर हरि नाम संकीर्तन “हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे” महामंत्र के साथ पूरी कॉलोनी का वातावरण धर्ममय करती हुई वापस मंदिर में समाप्त होती है। प्रभात फेरी में सबसे आगे भगवा ध्वज के साथ ढोलक, मंजीरा के साथ संगीतमय संकीर्तन लोगों की हर सुबह आनंददायक बना देती है। प्रभात फेरी में सर्दियों में कॉलोनी के 8 से 10 लोग रोज शामिल हो रहे हैं।