मुख्यपृष्ठनए समाचारसूर्य की किरणें उगलेंगी आग! ...आज, कल के लिए मौसम विभाग ने...

सूर्य की किरणें उगलेंगी आग! …आज, कल के लिए मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

• गर्मी से लोगों का जीना हुआ बेहाल
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
राज्य में लोग फरवरी के आखिरी दिनों से ही तपती गर्मी का अहसास कर रहे हैं। इस भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। आलम यह है कि मुंबईकरों को सूरज का चटका गर्मी का जोरदार झटका दे रहा है। इन सबके बीच मौसम विभाग ने लोगों को और चिंतित करनेवाली जानकारी दी है। विभाग के अधिकारियों ने राज्य में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि आज और कल सूर्य की किरणें आग उगलेंगी। इसका असर आज मुंबई और कोकण में दिखाई देगा।
उल्लेखनीय है कि मार्च की शुरुआत से मुंबई का पारा चढ़ा हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के सांताक्रूज वेधशाला में सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान ३९.३ डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल २०२३ में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इसकी पुनरावृत्ति १० और ११ मार्च को होने की संभावना जताई गई है। बता दें कि इस साल पहली बार सबसे गर्म दिन १८ फरवरी को दर्ज किया गया था। उस समय अधिकतम तापमान ३७.९ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, बीतते हुए मार्च महीने में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बता दें कि मुंबई में अब तक का अधिकतम तापमान ४१.३ डिग्री सेल्सियस मार्च २०११ में दर्ज किया गया था। फिलहाल, इस साल सोमवार को दर्ज हुआ अधिकतम तापमान दूसरे स्थान पर है। गुरुवार को मुंबई में अधिकतम तापमान ३६ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने यह लगाया अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, १० मार्च को अधिकतम तापमान ३८ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान २५ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद अगले दिन भी इसी तरह अधिकतम तापमान बना रहेगा और न्यूनतम तापमान २६ डिग्री सेल्सियस होगा। रविवार १२ मार्च को अधिकतम तापमान ३७ और न्यूनतम तापमान २६ डिग्री सेल्सियस होगा। यह भी अनुमान लगाया गया है कि अगले दो हफ्तों में अधिकतम तापमान ३० से ३५ डिग्री के बीच होगा। आईएमडी के वैज्ञानिकों का कहना है कि समुद्र में देर से बहनेवाली हवाएं बढ़ते तापमान का कारण हैं। मुंबई में इस समय जोरदार पूर्वी हवाएं बह रही हैं, जिस कारण मुख्य भू-भाग की ओर बहनेवाली समुद्री हवाओं में विलंब हो रहा है। इस कारण दैनिक तापमान लगातार बढ़ रहा है।
फसलों को पहुंच रही क्षति
कोकण में भी बेमौसम बारिश और गर्मी का खेती पर असर पड़ रहा है। इससे किसानों द्वारा रोपे गए आम और काजू की फसलों के प्रभावित होने की संभावना है। ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के कुछ हिस्सों में गर्मी के बढ़ने की चेतावनी दी गई है।

अन्य समाचार