मुख्यपृष्ठनए समाचार`सुशासन बाबू' के बिहार में मनचलों के हौसले बुलंद... बहन से छेड़छाड़...

`सुशासन बाबू’ के बिहार में मनचलों के हौसले बुलंद… बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई को पीट-पीटकर मार डाला!

बिहार के कटिहार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की सनकी आशिक ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक युवक की बहन के साथ छेड़छाड़ करता था। इसी को लेकर वह आरोपी आशिक को समझाने गया था, जिसके बाद उसने पीड़िता के भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मामला बिहार के कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में रामपुर पंचायत का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान दुर्गा कुमार शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी आशिक दुर्गा कुमार शर्मा की बहन के साथ छेडछाड़ करता था और उसका पीछा करता था, जब इसकी जानकारी दुर्गा कुमार को हुई तो वह आरोपी को समझाने के लिए गए, लेकिन दुर्गा की बातें आरोपी को नागवार लगीं और वह उससे गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने दुर्गा के ऊपर हमला बोल दिया। आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर दुर्गा के साथ मारपीट की। इस हमले में दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों और उसके रिश्तेदारों ने टायर जलाकर गेड़ाबाड़ी-सेमापुर सड़क को जाम कर दिया। मृतक के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और फांसी की मांग कर रहे थे। इसके बाद काफी मुश्किल से पुलिस ने सभी लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कोढ़ा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल के मुताबिक मृत छात्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग अलग टीमों का गठन किया गया है।

अन्य समाचार

आया वसंत