-मुंबई में मिले सबसे ज्यादा रोगी,
-नागपुर में हुईं ज्यादा मौतें
सामना संवाददाता / मुंबई
आमतौर पर सर्दियों में बड़ी संख्या में मिलने वाले स्वाइन फ्लू के मरीज इस साल लगातार मिल रहे हैं। नतीजतन, पिछले साल की तुलना में स्वाइन फ्लू का संक्रमण इस साल दोगुनी रफ्तार से बढ़ा है। इस साल राज्य में २,३४६ मरीज मिले हैं और इनमें से ७२ की मौत हो चुकी है। सबसे चिंताजनक स्थिति मुंबई की है। जहां सबसे ज्यादा रोगी मिले हैं। इसी तरह से नागपुर में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण में हो रहे बदलाव के चलते स्वाइन फ्लू का संक्रमण बढ़ रहा है। आमतौर पर इस रोग के मरीज सर्दियों में पाए जाते हैं, लेकिन राज्य में पूरे साल छिटपुट रूप से मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले साल राज्य में स्वाइन फ्लू के १२३१ मामले सामने आए थे और ३२ की मौत हुई थी, लेकिन इस साल यह दोगुना हो गया है। राज्य में २०२४ में अब तक २३ लाख ५६ हजार ४०३ मरीजों की फ्लू जांच हो चुकी है। इसमें ६ हजार ४३ संदिग्ध मरीज मिले, संदिग्ध मरीजों में से २,३४६ में संक्रमण की पुष्टि हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, इसमें सबसे ज्यादा ७८५ मरीज मुंबई में, इसके बाद पुणे में ३६२ मरीज, ठाणे में २८० मरीज, नासिक में २७४ मरीज, कोल्हापुर में २६८ मरीज और नागपुर में १२२ मरीज मिले हैं।