अजय भट्टाचार्य
पिछली लोकसभा में राहुल गांधी की सदस्यता छीन लिए जाने का कारण बने सूरत के भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी की दौड़ में शामिल हैं। पिछले दिनों उनके बेटे की शादी थी। चूंकि उसी दिन दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटील के सरकारी आवास पर रात्रि भोज आयोजित था इसलिए गुजरात के अधिकतर मंत्री और विधायक दिल्ली में थे। नतीजा यह हुआ कि कोई भी पूर्णेश के बेटे के विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सका। पूर्णेश मोदी, जो कथित तौर पर गुजरात भाजपा अध्यक्ष पद के लिए आकांक्षी हैं, शादी को शक्ति प्रदर्शन में बदलने का अवसर चूक गए।
मंथन
हरियाणा विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद कांग्रेस लगातार मंथन कर रही है। दिल्ली में तीसरी बार केंद्रीय स्तर पर बनाई गई कमेटी में पहली बार शामिल हुए हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने चौंकानेवाले खुलासे किए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन कुछ संदेश सुबह ही उनको मिले थे, जिसमें बताया गया था कि कुछ सीटों पर धांधली हुई है। ये संदेश उन्होंने उसी समय प्रदेशाध्यक्ष उदयभान को भेजे थे। बाबरिया ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा १०-१५ सीटें ऐसी रहीं, जिन पर गलत उम्मीदवारों को टिकट दिए गए। बैठक में कांग्रेस ने चार मुख्य एजेंडों पर भी चर्चा की है। ये मुद्दे भाजपा ने हरियाणा के बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी उठाए थे। इनमें प्रमुख तौर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नारा ‘बंटोगे तो कटोगे’ भी शामिल है।
इंतजार
केरल भाजपा में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले नए अध्यक्ष का चयन तैयारियों को प्रभावित करेगा। नए अध्यक्ष का मतलब नए पदाधिकारी होंगे। इससे चुनावी तैयारी की प्रक्रिया प्रभावित होगी। संभावना है कि २०२६ के विधानसभा चुनाव के बाद उस साल दिसंबर तक नया अध्यक्ष चुना जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने पार्टी की राय बताने के लिए कोच्चि में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राज्यस्तरीय नेताओं से मुलाकात की। यह सच है कि जिस तरह से पार्टी ने पलक्कड़ उपचुनाव लड़ा, उसे लेकर गंभीर मतभेद हैं। हालांकि, कुछ लोगों को अभी भी इंतजार इस बात का है कि विधानसभा चुनाव से पहले नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर राष्ट्रीय नेतृत्व अपना विचार बदलता है या नहीं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं और देश की कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में इनके स्तंभ प्रकाशित होते हैं।)