अजय भट्टाचार्य
आम आदमी पार्टी आप ने दफ्तर बदलने के साथ ही अपने चुनाव निशान का रंग भी बदल दिया है। जब पार्टी का दफ्तर २०६, राउज एवेन्यू, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, आईटीओ था तो पार्टी का चुनाव निशान झाड़ू का रंग सफेद हुआ करता था, लेकिन जबसे ‘आप’ का नया दफ्तर बंगला नंबर १, (वैâनिंग लेन) पंडित रविशंकर शुक्ला लेन, नई दिल्ली हो गया है तब से चुनाव निशान झाड़ू का रंग काला हो गया है। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपने चुनाव निशान झाड़ू का रंग काला करने के पीछे तर्क है कि यह रंग बुरी नजर से बचाता है इसलिए पार्टी ने अपने चुनाव निशान झाड़ू को काले रंग में बदलने का फैसला लिया। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, झाड़ू का सिर्फ रंग बदला है, तेवर और लोकप्रियता वही है। झाड़ू मतलब केजरीवाल और केजरीवाल मतलब झाड़ू।
सुरेंद्रन बचे
केरल की पलक्कड़ सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आने के बाद अफवाह फैली कि पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। मगर संघ के दखल के बाद प्रदेश भाजपाध्यक्ष के. सुरेंद्रन के २०२६ में अपने दूसरे कार्यकाल के अंत तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने रहने की संभावना है। उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद सुरेंद्रन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की और उन्हें पलक्कड़, चेलक्कारा और वायनाड में पार्टी के प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी। खबर है कि नड्डा ने सुरेंद्रन को २०२६ के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को तैयार करने का निर्देश दिया।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं और देश की कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में इनके स्तंभ प्रकाशित होते हैं।)