मुख्यपृष्ठस्तंभतड़का : मुंबई ‘सेफ' या ‘अनसेफ'?

तड़का : मुंबई ‘सेफ’ या ‘अनसेफ’?

कविता श्रीवास्तव
क्या मुंबई अब ‘अनसेफ’ हो गई है? क्या अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं? विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बांद्रा के राजनेता-पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई। अभिनेता सलमान खान को लगातार धमकी मिली है। अब अभिनेता सैफ अली खान पर उनके ही घर में चाकू से हमला हुआ। उनके शरीर पर छह जख्म हुए। उनकी रीढ़ की हड्डी के पास से ढाई इंच का चाकू का टुकड़ा निकाला गया। हालांकि, ऑपरेशन के बाद वे अब ‘सेफ’ हैं। यानी उनकी तबीयत अब खतरे से बाहर है, लेकिन क्या हमारी मुंबई का आम नागरिक ‘सेफ’ है? इस चर्चा ने हर तरफ जोर पकड़ा है। विपक्षी नेताओं ने इसी सवाल को लेकर राज्य सरकार को घेरना शुरू किया है। सवाल उठने लगा है कि जब सुरक्षा के घेरे में रहनेवाले सेलिब्रिटीज की ये हालत है तो मुंबई के आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? मुंबई को देश के अन्य शहरों-महानगरों के मुकाबले सबसे ज्यादा सुरक्षित समझा जाता है। इसीलिए मुंबई में अन्य राज्यों से श्रमिकों, कारोबारियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों आदि का आना-जाना निरंतर जारी रहता है। यहां तक कि विदेशी लोग भी बड़ी संख्या में मुंबई में बेखौफ आते-जाते रहते हैं। मुंबई में देश के बड़े राजघरानों से लेकर मल्टीनेशनल कंपनियों के कार्यालयों की भरमार भी है। यह सब इस भरोसे पर है कि मुंबई अन्य जगहों के मुकाबले अधिक सुरक्षित महानगर है। मुंबई कभी नहीं थमने वाला महानगर है। मुंबई को हमेशा जगमगाती रातों के लिए भी जाना जाता है। मुंबई २४ घंटे कार्यरत रहनेवाला देश का सबसे व्यस्त महानगर है। महिलाएं यहां आज भी बेरोकटोक दिन-रात आवागमन कर सकती हैं और करती हैं। पर हाल के दिनों में जिस तरह से अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे लोगों में चिंता होना स्वाभाविक है। इसलिए विपक्ष के तमाम राजनेताओं ने कानून-व्यवस्था के ढीलेपन पर सवाल खड़े किए हैं। उल्लेखनीय है कि ८०-९० के दशक में मुंबई गैंगवॉर का बड़ा ठिकाना रही है। १९९२-९३ में मुंबई ने दंगों की मार भी झेली है। मुंबई ने आतंकवादी हमले भी झेले हैं। इन सबके बावजूद मुंबई बार-बार पूरी शान से और भरोसे के साथ उठ खड़ी हुई है। बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान को धमकी और सैफ अली खान पर हुए हमले के कारण अलग-अलग हो सकते हैं, पर ये सब मुंबई में हो रहा है। इसलिए चिंताएं बढ़ रही हैं। हालांकि, नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से मुंबई पुलिस हमेशा चौकन्नी रहती है। एक वक्त मुंबई पुलिस को दुनिया में दूसरे नंबर की सर्वश्रेष्ठ पुलिस कहा जाता था। मुंबई पुलिस की कार्यकुशलता आज भी बेहतरीन मानी जाती है। दुनिया के अन्य शहरों की तरह मुंबई में भी अपराध की छिटपुट घटनाएं तो निरंतर होती रहती हैं, किंतु अपराध की घटनाएं जब सिलसिलेवार तरीके से होने लगी हैं तो मुंबई ‘सेफ’ है या ‘अनसेफ’ यह सवाल तो उठेगा ही।

अन्य समाचार