मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति का भ्रष्टाचार उजागर कर रही ठाणे-घोड़बंदर रोड वाहन चालकों को रुला...

महायुति का भ्रष्टाचार उजागर कर रही ठाणे-घोड़बंदर रोड वाहन चालकों को रुला रही बदहाल सड़क

-३० मिनट की दूरी तय करने में लग रहे हैं ३ घंटे

-पिछले हफ्ते जाम में फंसने से हुई थी महिला की मौत

सुरेश गोलानी / मुंबई

महाराष्ट्र पर राज कर रही महायुति सरकार के भ्रष्टाचार और नाकामी के चलते राज्य के कई प्रमुख शहरों तथा गांवों को जोड़ने वाली सड़कों और राजमार्गों की स्थिति दयनीय हो गई हैं। यही हाल है मुंबई से सटे ठाणे-घोड़बंदर राजमार्ग (राज्य राजमार्ग संख्या ८४) का, जो अपनी बदहाली पर आंसू भी बहा रहा है और यात्रियों को रुला भी रहा है। घाट रोड पर बड़ी संख्या में गड्ढे होने के कारण यातायात की गति धीमी हो रही है।
बता दें कि रोज की तरह ही सोमवार सुबह से ही इस मार्ग पर भयंकर ट्रैफिक जाम लगा रहा। घोड़बंदर रोड होते हुए ठाणे से मुंबई-अमदाबाद महामार्ग (काशीमीरा) तक पहुंचने के लिए आमतौर पर ३० से ४० मिनट लगते हैं पर ट्रैफिक जाम के कारण यह दूरी तय करने के लिए लगभग तीन घंटे का समय लग रहा है। मुंबई-अमदाबाद महामार्ग की स्थिति भी लगभग ऐसी ही है। सोमवार की ट्रैफिक में फंसे अविनाश कौल ने बताया कि मैं हर रोज ठाणे से मीरारोड कार से यात्रा करता हूं। आमतौर पर मुझे एक तरफ की यात्रा में ३५ से ४५ मिनट लगते थे, लेकिन गड्ढों और जगह-जगह अधूरे पड़े हुए सड़क कंक्रीट के काम के चलते मुझे लगभग ३ घंटे का समय लग रहा है। आज भी मैं १० बजे ठाणे से निकला और फाउंटेन होटल पहुंचते-पहुंचते ढाई घंटे लग चुके हैं और अभी भी ३० से ४० मिनट का सफर बाकी है। इसे हिंदी का सफर नहीं इंग्लिश का सफर (भुगतना) कहते हैं।
जगह-जगह गड्ढों के कारण लग रहा भयंकर जाम
घटिया मरम्मत काम-तेज बारिश ने प्रशासन द्वारा हाल ही में कराए गए घटिया मरम्मत काम की पोल खोल कर रख दी है।
दुर्घटना का खतरा-बड़े-बड़े गड्ढों के अलावा दोनों ही मार्गों पर कीचड़ का साम्राज्य है, जिसके कारण चालकों पर दुर्घटना और जान का खतरा बना हुआ है।
नींद में प्रशासन-कुंभकर्णी नींद में सोया प्रशासन देर से जागा और घोड़बंदर के गायमुख घाट रोड पर डामरीकरण का काम १५ से १८ अगस्त के बीच निर्धारित किया गया, लेकिन लगातार हो रही बरसात के कारण काम को टाल दिया गया।
फंस गई थी एंबुलेंस-पिछले हफ्ते ठाणे-घोड़बंदर मार्ग पर गड्ढों के कारण लगे ट्रैफिक जाम का सीधा असर मुंबई-अमदाबाद महामार्ग पर पड़ा और एंबुलेंस के जाम में फंसने से एक ४९ वर्षीय महिला की मौत हो गई थी।

अन्य समाचार