मुख्यपृष्ठनए समाचारबचाए गए ११ मजदूरों ने सुनाई आप बीती, १२ घंटे कराता था...

बचाए गए ११ मजदूरों ने सुनाई आप बीती, १२ घंटे कराता था काम …जंजीरों से बांधकर रखता था ठेकेदार

दिन में बस एक बार देता था खाना
सामना संवाददाता / मुंबई
उस्मानाबाद में बंधक बनाए गए ११ मजदूरों को पुलिस ने बचा लिया है। ये सभी मजदूर कुआं खोदने के काम में लगाए गए थे। इन मजदूरों को ठेकेदार ने बंधक बनाया हुआ था। मजदूरों ने पुलिस को बताया कि उनसे रोजाना १२ घंटे तक काम लिया जाता था, जबकि इसके बदले में किसी भी राशि का भुगतान नहीं किया गया था। इन मजदूरों को केवल एक बार खाना दिया जाता था। ये कहीं भाग न जाएं, इसलिए ठेकेदार उन्‍हें जंजीरों से बांधकर रखते थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक दो ठेकेदारों समेत चार लोगों को अपहरण, मानव तस्करी और अन्य अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया है, जो सभी भूम तहसील के निवासी हैं। उनको अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
भागे मजदूर ने दी थी पुलिस को सूचना
एपीआई जगदीश राऊत ने बताया कि ठेकेदारों ने दो-तीन महीने पहले उस्मानाबाद के ढोकी पुलिस थाना क्षेत्र के खमासवाड़ी और वखरवाड़ी गांवों में कुआं खोदने के काम के लिए मजदूरों को लगाया था। यहां मजदूरों को बंधक बनाकर रखा गया और प्रताड़ित किया गया। एपीआई राऊत ने कहा कि इन मजदूरों में से एक भागने में सफल रहा और हिंगोली जिले में अपने पैतृक स्थान पर पहुंच गया। उसने स्थानीय पुलिस को इस प्रताड़ना के बारे में सूचित किया।
कुएं में काम करते मिले थे मजदूर
हिंगोली पुलिस ने उस्मानाबाद के ढोकी में पुलिस से संपर्क किया और बताई गई जगहों पर जांच करने के लिए टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम जब वखरवाड़ी गांव पहुंची तो उसने पांच मजदूरों को एक कुएं में काम करते हुए पाया। जब मजदूरों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें हर दिन १२ घंटे काम करने के लिए मजबूर किया जाता था और रात के समय जंजीरों से बांध दिया जाता था, ताकि वे भाग न जाएं। इन ५ मजदूरों को बचा लिया गया। इसके बाद खमासवाड़ी गांव में छह और मजदूर काम कर रहे थे और उनकी भी वैसी ही स्थिति थी। उन छह मजदूरों को भी बाद में बचा लिया गया।
शौच जाने से भी रोकते थे
मजदूरों ने बताया कि उन्हें दिन में सिर्फ एक बार भोजन दिया जाता है और कुएं में ही शौच के लिए मजबूर किया जाता है। बाद में मानव मल को एक टोकरी में रखकर बाहर निकाला जाता था।

अन्य समाचार

फेक आलिया