- पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
सामना संवाददाता / मुंबई
बीमार मां की दवा लाने गई नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को पहले नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और फिर उसके बाद उसे विरार ले जाकर घटना को अंजाम दिया। सूत्रों ने बताया कि घटना २ मार्च की रात करीब एक बजे की है। पीड़ित की मां बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल में एडमिट है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस बीच नाबालिग लड़की अपनी बीमार मां के लिए दवाई लेने मेडिकल स्टोर जा रही थी, तभी दो लोगों ने नाबालिग लड़की को किडनैप किया और उसे विरार लेकर गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। लड़की ने बताया है कि आरोपियों ने उसे पहले कुछ नशीला लिक्विड पिलाया और फिर विरार में कहीं ले जाकर दोनों ने दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने दोबारा से किया दुष्कर्म
दुष्कर्म के बाद जब नाबालिग लड़की को होश आया और उसने उसके साथ हुई हरकत के बारे में पूछा। इस पर एक आरोपी ने उसे थप्पड़ मारा और धमकी देते हुए कहा कि अगर वो इस घटना के बारे में किसी से कुछ बताएगी तो उसे और उसकी मां दोनों को जान से मार दिया जाएगा। इतना धमकाने के बाद आरोपियों ने लड़की के साथ दोबारा दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इस बार उसका वीडियो बनाया और उसे यूट्यूब, इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने की धमकी भी दी। पीड़ित नाबालिग लड़की के बयान के आधार पर बांद्रा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो की धारा ४,८,१२ के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।