ज्यादातर लोगों के लिए नए साल के जश्न में दारू जरूरी होती है। नए साल के जश्न का मजा इसी दारू की वजह से और भी बढ़ जाता है। अपनी पसंद और दोस्तों के साथ पार्टी करके लोग नए साल का स्वागत करते हैं। इन्हीं में से एक किसान ने अपने करीबियों के साथ घर से कुछ दूर खेत में पार्टी की। पार्टी थोड़ी लंबी खिंच गई। दारू थोड़ी ज्यादा हो गई। नशा चढ़ गया। ऐसे में घर वापस आना मुश्किल हो गया। लेकिन उसके साथ जो सांड था, उसने मालिक को सुरक्षित घर पहुंचा दिया। यह वीडियो कई लोगों को हैरान कर रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नशे में धुत शख्स को उसका पालतू बैल घर ले जाता हुआ नजर आ रहा है। एक यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि यह ब्राजील है। आदमी पीकर सुध-बुध खो बैठा है, उसका बैल होश में है। आप बैल नहीं पालते हैं तो पाल लीजिए। दरअसल, ब्राजील का एक बुजुर्ग अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। नशा ज्यादा हो गया। बिना किसी की मदद के चलना मुश्किल हो गया। घर कुछ दूर था। दोस्तों को अलविदा कहकर लड़खड़ाते हुए चलने लगा। उसे लगा कि ऐसे तो घर पहुंचना मुश्किल है। उसने अपने साथ वाले सांड की मदद ली। खास बात यह है कि सांड ने मालिक की हालत समझ ली और अपनी वफादारी में कोई कमी नहीं छोड़ी।