अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने को प्रशासनिक मंजूरी
सामना संवाददाता / ठाणे
सिडको के बाद महाप्रीत संस्था ठाणे मनपा क्षेत्र में समूह पुनर्विकास योजना के तहत किसननगर क्षेत्र में भवनों का निर्माण करेगी। इस परियोजना के लिए सरकारी कंपनी महात्मा फुले रिन्यूएबल एनर्जी एंड इंप्रâास्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी लिमिटेड (महाप्रीत) संस्था २,५४६ करोड़ रुपए उधार लेने के लिए मनपा की जमीन गिरवी रखेगी। इसे मनपा के बुरे दिन के रूप में करार दिया जा रहा है। इसके लिए मनपा की प्रशासनिक साधारण सभा ने अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने संबंधी प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेजने की अनुमति दे दी है। सरकार इस पर क्या पैâसला लेगी, इस पर सबकी नजर है।
बता दें कि ठाणे शहर में बारिश के मौसम में खतरनाक इमारतें ढह जाती हैं और जानमाल की हानि होती है। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अनधिकृत और अधिकृत इमारतों को सुनियोजित करने और मूलभूत सुविधाओं के साथ पुनर्विकास करने के लिए एक क्लस्टर योजना लागू की जा रही है। ठाणे मनपा ने इस परियोजना के लिए ४५ शहरी पुर्नद्धार योजनाएं तैयार की हैं। पहले चरण में यह परियोजना सिडको के माध्यम से किसननगर क्षेत्र में क्रियान्वित की जा रही है और यहां परियोजना का वास्तविक कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना के माध्यम से नागरिकों को अधिकार एवं स्वामित्व वाले मकान मिलेंगे। वहीं एक सरकारी कंपनी महाप्रीत के माध्यम से ठाणे शहर के टेकड़ी बंगला हजूरी और किसननगर के शेष क्षेत्रों में एक समूह विकास परियोजना लागू की जाएगी, जिसके लिए महाप्रीत ने ठाणे मनपा के साथ एक समझौता किया है। महाप्रीत कंपनी किसननगर में शहरी पुनरुद्धार योजना संख्या १२ के तहत यूआरसी संख्या ५ और ६ पर समूह योजना लागू करने जा रही है। इस प्रोजेक्ट के लिए महाप्रीत हुडको से २,५४६ करोड़ रुपए का कर्ज लेगी और इसके लिए महाप्रीत संस्था मनपा की जमीन गिरवी रखेगी। ऐसा प्रस्ताव महाप्रीत ने मनपा प्रशासन को दिया था। मनपा की जमीन गिरवी रखने के प्रस्ताव को ठाणे मनपा की आम सभा ने पास कर दिया है। इस प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद महाप्रीत संस्था को मनपा की जमीन को गिरवी रखने का अधिकार प्राप्त हो जाएगा।
क्लस्टर पुनर्विकास योजना के लिए ठाणे में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम के ड्राइंग में भूखंड संख्या एफ-१ और सी-२९ की कुल भूमि का ५० प्रतिशत, यानी २२,३१७.६० वर्ग मीटर क्षेत्र, देने का निर्णय लिया गया है एक त्रिपक्षीय समझौते के तहत ठाणे मनपा को सरकार के कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन विभाग के निर्णय के अनुसार, कृषि विभाग की १.९३२ हेक्टेयर भूमि को ठाणे मनपा को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है और यह भूमि मनपा को हस्तांतरित कर दी गई है।
इस भूमि पर भविष्य के निर्माण के साथ किसननगर में शहरी पुनरुद्धार योजना संख्या १२ के तहत यूआरसी संख्या ५ और ६ में मनपा के स्वामित्व वाली कुल ४१,६३७.६० वर्ग मीटर भूमि महाप्रीत कंपनी हुडको के पास संपत्ति गिरवी रखेगी।