सामना संवाददाता / मुंबई
गरीब जनता के मुंह से निवाला छीनने वाली निर्दयी महायुति सरकार का गिरना तय है। राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा और अब महाविकास आघाडी सरकार आएगी। यह कथन काले पत्थर पर सफेद लकीर है। इस तरह का दृढ़ विश्वास कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने व्यक्त किया।
छत्रपति संभाजीनगर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक और मराठवाड़ा के सांसदों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करनेवाले निष्ठावान नए चेहरों को मौका देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसके पीछे जनता का जबरदस्त समर्थन था। साल २०१९ में कांग्रेस के पास राज्य में सिर्फ एक सांसद था, लेकिन २०२४ में उसके १४ सांसद हो गए। इस बीच पटोले ने कहा कि जैसे लोकसभा में जीत मिली, वैसे ही विधानसभा में भी जीत हासिल करनी है। महाविकास आघाडी मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। नाना पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव को देखते हुए ही छत्रपति संभाजीनगर के लिए २,००० करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा की है। इसी संभाजीनगर में मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा था कि ये मोदी-शाह की देन है। छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि गुजरात की देन वैâसे हो सकती है? महायुति सरकार या तो खोकेबाज है या धोखेबाज है। हम इन झूठों को खत्म किए बिना नहीं थमेंगे।
जहां-जहां प्रभु राम का पवित्र स्पर्श हुआ, वहां भाजपा हारी
इस मौके पर विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने महायुति सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा में राम के नाम पर वोट मांगा, लेकिन जहां-जहां प्रभु राम का पवित्र स्पर्श हुआ, वहां भाजपा हार गई। महायुति सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। पांच लाख करोड़ रुपए के टेंडर स्वीकृत कर लूट ली गई है। एक-एक कर इंडस्ट्री को गुजरात ले जाया गया, महिंद्रा की २५ हजार करोड़ रुपए की इंडस्ट्री को भी गुजरात ले जाया गया।