मुख्यपृष्ठखबरेंचांद से रौशन चेहरे पर है कीड़ों की भरमार! ... बढ़ा सकते...

चांद से रौशन चेहरे पर है कीड़ों की भरमार! … बढ़ा सकते हैं त्वचा रोग

क्या आपको पता है कि इस वक्त जब आप ये पंक्तियां पढ़ रहे हैं, तो आपके चेहरे पर हजारों कीड़े रेंग रहे हैं! चौंकिए मत, ना ही शीशे में जाकर खुद को देखिए, क्योंकि ये आपको नंगी आंखों से बिल्कुल भी नजर नहीं आएंगे। पर वो आपके चेहरे पर २४ घंटे मौजूद हैं। सिर्फ मौजूद ही नहीं, वो आपके चेहरे को अपना घर बना चुके हैं और उसी पर अपना परिवार भी बढ़ाते हैं। अगर आप इन कीड़ों की गंदगी देख लेंगे तो खुद के चेहरे से आपको नफरत हो जाएगी!
आपने कुत्तों या गायों के शरीर पर रहने वाले कीड़ों (पिस्सू) को देखा होगा। वो उनका खून चूसते हैं और वहीं पर जीवन गुजारते हैं। ठीक उसी प्रकार हमारे चेहरे पर कुछ ऐसे जीव रहते हैं जो नंगी आंखों से नहीं दिखाई पड़ते। एक रिपोर्ट के अनुसार ये जीव कुत्तों के शरीर पर चलने वाले किलनी प्रजाति के बताए जाते हैं। अमेरिका के माइट साइंटिस्ट रॉन ओचोआ ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ९९.९ पर्सेंट लोगों के चेहरे पर ये कीड़े होते हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि ये कीड़े सिर्फ चेहरे पर ही होते हैं या पूरे शरीर पर! दरअसल, कीड़े सबसे ज्यादा हमारे चेहरों पर होते हैं, मगर शरीर के बालों की जड़ों में ये हमारे पूरे शरीर में भी मौजूद रहते हैं। एक आदमी के शरीर पर लाखों कीड़े मौजूद हो सकते हैं। दिन के समय ये कीड़े चेहरे के रोएं की जड़ों में होते हैं जबकि चेहरे से निकलने वाले ऑयल पर ये पनपते हैं। ये तेल हमारे ऑयल ग्लैंड्स से निकलता है। जब रात होती है, यानी व्यक्ति सोता है, तो ये जड़ों से बाहर आते हैं और चेहरे पर अपने पार्टनर के साथ प्रजनन करते हैं। इस तरह उनकी संख्या भी बढ़ती जाती है।
डेंजरस डेमोडेक्स
इन माइट्स का नाम डेमोडेक्स फॉलीकुलरम और डेमोडेक्स ब्रेविस है। ये काफी डेंजरस हो सकते हैं, खासकर त्वचा रोग को यही बढ़ाते हैं और आपके चेहरे को खराब कर सकते हैं। अभी भी इनसे जुड़ी ऐसी कई बातें हैं जो वैज्ञानिक नहीं जानते हैं। ये नाक के पास, पलकों के पास, भौं पर और अन्य हेयरलाइन पर पाए जाते हैं, मगर ये पूरे शरीर में बालों की जड़ के पास कहीं भी हो सकते हैं।

 

 

अन्य समाचार