रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
भाजपा ने बंगाल को भी दिल्ली-हरियाणा स्टाइल में जीतने की रणनीति बनाई है। आरोप है कि वहां के वोटर लिस्ट में भाजपा हेराफेरी कर रही है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर मतदाता सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि वे बंगाल में हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली का जैसा खेला नहीं होने देंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल में गुजरात, पंजाब, हरियाणा और बिहार के लोगों के नाम जोड़कर बंगाली वोटर के नाम कटवा रही है। ममता ने धांधली से संबंधित तमाम कागजात भी मीडिया को दिखाए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भाजपा ने ये सब नहीं रोका तो वो चुनाव आयोग के बाहर धरना देंगी।
ऑनलाइन धांधली जारी
टीएमसी ने कहा कि महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी और दिल्ली में ‘आप’ भाजपा की चाल को समझ नहीं पाई। भाजपा-आरएसएस ने बंगाल में भी वही खेला शुरू किया है लेकिन हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे। आरोप है कि भाजपा दो एजेंसियों के जरिए बंगाल में ऑनलाइन धांधली करवा रही है, जिसमें इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर भी शामिल हैं। ये पूरा खेल चुनाव आयोग की शह पर हो रहा है। ममता ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने को कहा है।