मुख्यपृष्ठनए समाचारपब्लिक का माथा चकराया, कंगना-स्मृति को गांधी परिवार भाया! स्मृति के बदले...

पब्लिक का माथा चकराया, कंगना-स्मृति को गांधी परिवार भाया! स्मृति के बदले सुर

वो (राहुल गांधी) बदल गए हैं,
अब वे अच्छी राजनीति कर रहे हैं

कंगना को हुआ ज्ञान
इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री, उनके जीवन से सीख लेती हैं
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद बहुत कुछ बदलाव भाजपा नेताओं में दिख रहा है। कांग्रेस और गांधी परिवार पर लगातार बेतुके बयान देनेवाली अमेठी से पूर्व सांसद स्मृति ईरानी और हिमाचल से मौजूदा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत के सुर अचानक बदलते हुए दिख रहे हैं। इन दोनों को अब गांधी परिवार भाने लगा है। दोनों ने गांधी परिवार की जमकर तारीफ की है। इनके बदलते अंदाज को देखकर पब्लिक भी चकरा गई है। जनता को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हो गया है, जो भाजपा के इन दोनों बड़बोली महिला नेताओं की अकल ठिकाने आ गई है और इनके व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कभी उल्टे सीधे शब्दों से संबोधित करती थीं, लेकिन अब उनकी जमकर तारीफ की है। स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी अब बदल गए हैं, अब वे अच्छी राजनीति कर रहे हैं। दूसरी तरफ कंगना रनौत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को देवी बताया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री थीं, वे सभी के लिए महत्वपूर्ण थीं, हैं और रहेंगी।
राहुल लगने लगे अच्छे
उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि अब राहुल गांधी की राजनीति बदल गई है। वो एक अलग राजनीति कर रहे हैं। वो चाहे आपको अच्छा लगे या नहीं, लेकिन वो अलग है। वे अब सही काम कर रहे हैं। स्मृति ईरानी ने एक पत्रकार के पॉडकास्ट में तमाम मुद्दों को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति में बदलाव आया है। उन्हें लगता है कि उन्होंने सफलता हासिल की है। वो संसद में टी-शर्ट पहन रहे हैं, वो जानते हैं कि उस सफेद टी-शर्ट से वो युवा पीढ़ी में क्या संदेश देना है। उनका वो कदम चाहे आपको अच्छा लगे या बुरा लगे, वो आपको बचकाना लगे…, लेकिन वो अब अलग राजनीति कर रहे हैं। ‘

इंदिरा गांधी चंडी का अवतार
अभिनेत्री से सांसद बनीं कंगना रनौत ने कहा कि इंदिरा गांधी सिर्फ राहुल गांधी की दादी नहीं, देश की प्रधानमंत्री थीं। इंदिरा गांधी बहुत लोकप्रिय थीं। लोग उन्हें चंडी का अवतार मानते थे। कंगना ने यह भी कहा कि वह भी इंदिरा गांधी के जीवन से सीख लेती हैं। मैं इतनी संकुचित नहीं हूं। इंदिरा गांधी इस देश की तीन बार प्रधानमंत्री चुनी गर्इं। वह हमारा इतिहास, हमारी बुजुर्ग हैं। आप जब पूरे देश के लिए समर्पित हैं पूरे देश के हो जाते हैं आप। उन पर हमारा भी उतना ही अधिकार है।’

अन्य समाचार