– राज्य में खत्म हुआ कानून व्यवस्था का डर
– देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की उठी मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में अचानक यौन उत्पीड़न व बलात्कार की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। राज्य की कानून व्यवस्था एकदम से ध्वस्त हो चुकी है और आम आदमी के मन में इसका खौफ खत्म हो चुका है। यही कारण है कि अब मुंबई की सड़कों पर खुलेआम रेप की धमकी दी जाने लगी है। हाल ही में बांद्रा की सड़क पर एक सेल्समैन ने कार पर सवार एक महिला को बीच सड़क पर सरेआम धमकी देते हुए कहा कि मैं तुम्हारा रेप कर दूंगा।
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में रेप व यौन उत्पीड़न की घटनाओं के बाद अब गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग भी उठने लगी हैं। बदलापुर कांड के बाद तो प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक रूप से उनके इस्तीफे की मांग की थी। बता दें कि जहां देश में बलात्कार को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, वहीं लगातार दिल दहला देने वाले मामले सामने आ रहे हैं। हालिया घटना में खार के एक २५ वर्षीय शख्स ने एक ४९ वर्षीय महिला व्यवसायी को रेप की धमकी दे डाली। पुलिस ने मामला दर्ज करके उस शख्स को गिरफ्तार किया है। घटना गत शुक्रवार की है। महिला ने शख्स को बांद्रा के पाली हिल नाका पर नो-एंट्री लेन में बाइक चलाने के लिए फटकार लगाई थी। इसके चलते उसने महिला को सीधा बलात्कार की धमकी दे डाली। पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक उल्लंघन के लिए बुलाए जाने के बाद शख्स क्रोधित हो गया। उसने कुछ दूर तक महिला की कार का पीछा किया, उसे रोकने के बाद रेप की धमकी दी और फिर भाग गया। पुलिस ने उस स्थान तक पहुंचने के लिए उसके द्वारा अपनाए गए मार्ग से सीसीटीवी फुटेज का उपयोग किया। एक पुलिस अधिकारी ने खुलासा किया कि आरोपी एक मेडिकल शॉप में काम करता है और गुस्से के कारण उसने कई लोगों की मौजूदगी में धमकी दी।