सामना संवाददाता / भुवनेश्वर
ओडिशा में इंसानियत का दम घोंटती गरीबी से जुड़ा मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपनी नौ महीने की बच्ची को मात्र ८०० रुपए में बेच दिया। पुलिस ने इस मामले में मां सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि ओडिशा में गरीब मां-बाप द्वारा बच्चों को बेचने का सिलसिला लगातार चल रहा है। बच्चे गुलामी, देह व्यापार में धकेले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के मयूरभंज में रहने वाली २५ साल की कर्मी मुर्मू ने अपनी नौ महीने की बेटी को ८०० रुपए में एक नि:संतान दंपति को बेच दिया था। पुलिस ने उस महिला, बच्ची को खरीदने वाले पति-पत्नी और उनके बीच मध्यस्थता कराने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के माता-पिता की एक और बेटी है, जिसकी उम्र सात साल है। महिला ने बताया कि उसके पास दूसरी बच्ची का ख्याल रखने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने उसे बेच दिया। बच्ची को खरीदने वाली महिला ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने बच्ची को इसलिए खरीदा क्योंकि उनकी कोई संतान नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, कर्मी मुर्मू ने अपनी बच्ची को तब बेचा, जब उसके पति मुसु मुर्मू काम करने तमिलनाडु गए हुए थे। मुसु मुर्मू को वापस लौटने पर जब इस बात का पता चला तो उन्होंने खुद ही पुलिस में शिकायत कर दी।