मुख्यपृष्ठअपराधअंधविश्वासी महिला ने दुधमुंहे बेटे को काट डाला!

अंधविश्वासी महिला ने दुधमुंहे बेटे को काट डाला!

  • यूपी के सुलतानपुर में लोमहर्षक वारदात
  • ग्रामीणों ने बताया मनोरोगी है महिला

विक्रम सिंह / सुलतानपुर
यूपी के सुलतानपुर जिले में एक मां ने अपने ही दुधमुंहे ४ माह के बच्चे को पीपल के पेड़ तले फावड़े से निर्दयता पूर्वक प्रहार कर निर्ममता से हत्या कर दी। ग्रामीण उसे मनोरोगी बता रहे हैं। जबकि पुलिस आरोपित महिला को अंधविश्वासी मानकर चल रही है। फिलहाल महिला पुलिस गिरफ्त में है। ये लोमहर्षक वारदात है गोसार्इंगंज थाने के के धनऊडीह गुमवा गांव की। गांववासी शिवकुमार कानपुर में मजदूरी करता है। उसके घर में पत्नी मंजू बेटे प्रिंस (१४), हिमांशु (११), बेटी दिव्यांशी (८) व बेटा प्रीतम (४ माह) के साथ रहती थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंजू संभवत: मानसिक बीमारी से ग्रस्त रहती है। अक्सर ऊटपटांग हरकतें करती रहती थीं। रविवार की सुबह दुधमुंहे बेटे प्रीतम को लेकर पीपल के पेड़ के चौरा पर आई। इसके बाद बच्चे को चौरा पर रखकर फावड़े से कई प्रहार कर उसे मार डाला। इसके बाद मंजू वहीं पूजा करने बैठ गई। वारदात के बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
एसपी बर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया वारदात अंधविश्वास का परिणाम लग रहा है। वहीं चर्चा है कि किसी फर्जी तांत्रिक के झांसे में आकर महिला ने वारदात की। फिलहाल ग्राम प्रधान की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

अन्य समाचार