मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई की सड़कों पर हैं २५ हजार गड्ढे!.. पूर्व नेता प्रतिपक्ष रवि...

मुंबई की सड़कों पर हैं २५ हजार गड्ढे!.. पूर्व नेता प्रतिपक्ष रवि राजा का दावा

-गड्ढों की अनदेखी करनेवाले १३ इंजीनियरों को मनपा की नोटिस

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के गड्ढों को लेकर एक बार फिर मुंबई मनपा की आलोचना शुरू हो गई है। पूर्व विपक्षी नेता रवि राजा ने आरोप लगाया था कि मुंबई में ५००० नहीं बल्कि २५००० गड्ढे हैं। मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने सहायक आयुक्तों की बैठक ली और गड्ढों को तुरंत भरने का निर्देश दिया। पिछले हफ्ते मुंबई में ३०० मिमी बारिश हुई थी। इसके चलते सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। समय पर गड्ढे नहीं भरने पर मनपा प्रशासन ने १३ सेकंडरी इंजीनियरों को नोटिस जारी किया है। ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर पूछा गया है कि समय पर गड्ढे क्यों नहीं भरे गए। यह नोटिस जोगेश्वरी-विक्रोली जोड़ मार्ग, भांडुप, नाहुर में गड्ढों को लेकर जारी किया गया है। मुंबई में बारिश का प्रकोप बढ़ गया है। तो हर साल की तरह इस साल भी मुंबई में गड्ढे नजर आने लगे हैं। मुंबई मनपा ने इस साल इस बात का विशेष ध्यान रखा था कि मुंबईकरों को मानसून के दौरान सड़कों पर गड्ढों के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
मनपा ने कुल २२७ बीटों में एक-एक उप अभियंता नियुक्त किए थे। इन अभियंताओं को जो विभाग सौंपा गया है, उसमें मनपा अधिकारियों ने पहले ही आदेश दे दिया था कि वे प्रतिदिन सीधे सड़कों का निरीक्षण करें और यदि कहीं गड्ढे हों तो उन्हें तुरंत भरा जाए। इसके अनुसार अधिकारियों ने बताया कि मनपा द्वारा अब तक छह हजार से अधिक गड्ढे भरे जा चुके हैं। हालांकि, कुछ जगहों पर सड़कों पर गड्ढे हैं और समय पर गड्ढे नहीं भरने के कारण वे बड़े हो गए हैं।

अन्य समाचार