मुख्यपृष्ठनए समाचारबुलेट ट्रेन के सुहाने सफर में हैं ... कॉरिडोर की कई चुनौतियां!...

बुलेट ट्रेन के सुहाने सफर में हैं … कॉरिडोर की कई चुनौतियां! …मुंबई-अमदाबाद के बाद, कई रूट्स पर दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन

सामना संवाददाता / मुंबई
देश की रेलवे प्रगति पर है। वंदे भारत जैसी हाई स्पीड वाली ट्रेनें चल रही हैं। हालांकि, वंदे भारत पर अक्सर पत्थरबाजी की भी खबरें सामने आती रहती हैं। इसके अलावा भारतीय रेल देश की पहली हाई-स्पीड मुंबई-अमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का काम तेज रफ्तार से चल रहा है। यह ट्रेन ३२०-३५० किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मुंबई और अमदाबाद के बीच ५०८ किमी की दूरी महज २ से २.३० घंटे में तय करेगी। मुंबई से अमदाबाद के बीच १२ स्टेशन बनाए जा रहे हैं। यह परियोजना न सिर्फ यात्रा को सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क का एक मजबूत आधार भी तैयार करेगी। वैसे इस बुलेट ट्रेन के सुहाने सफर के शुरू होने से पहले कॉरिडोर की कई चुनौतियां भी हैं।
बता दें कि सरकार अब मुंबई-अमदाबाद के बाद देश के अन्य हिस्सों में भी बुलेट ट्रेन चलाने की योजना बना रही है। हाल ही में राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुलासा किया कि ७ और हाई-स्पीड रेल रूट की योजना बनाई जा रही है। रेल मंत्री ने बताया कि किसी भी हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी देने से पहले डीपीआर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट, तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर गहराई से विचार किया जाता है। इन परियोजनाओं में बड़ी लागत और संसाधनों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होती है।
मुंबई-अमदाबाद परियोजना की प्रगति
मुंबई-अमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए अब तक १,३८९ हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। ३३६ किमी पियर फाउंडेशन का काम, साथ ही ३३१ किमी पियर निर्माण का काम पूरा हो चुका है। २६० किमी गर्डर ढलाई और २२५ किमी गर्डर लांचिंग पूरी हो गई है। इसके अलावा समुद्र के अंदर २१ किमी लंबी सुरंग का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

ये हैं रूट
१. दिल्ली-वाराणसी
२. दिल्ली-अमदाबाद
३. दिल्ली-अमृतसर
४. मुंबई-नागपुर
५. मुंबई-पुणे-हैदराबाद
६. चेन्नई-बेंगलुरु-मैसूर
७. वाराणसी-हावड़ा

अन्य समाचार