सामना संवाददाता / मुंबई
छत्रपति संभाजीनगर में भारत राष्ट्र समिति की सभा संपन्न हुई। इस सभा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। महाराष्ट्र में इतनी नदियां हैं फिर भी महाराष्ट्र में पानी की समस्या है और लोगों को पानी नहीं मिलता है, ऐसे शब्दों में उन्होंने सरकार पर हमला बोला।
केसीआर ने कहा कि महाराष्ट्र में इतनी नदियां हैं, जो किसी अन्य राज्य में भी नहीं हैं। इतनी नदियों वाला एक शक्तिशाली राज्य अपने नागरिकों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं करा सकता है। यह परिस्थिति इतनी भारी है क्या? जनता सोने की ईट नहीं मांग रही है, केवल पीने का पानी मांग रही है। राजनीति में बार-बार घोषणाओं और राजनीतिक हंगामे के बाद भी लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। भारत ऐसा ही रहेगा क्या? ऐसा सवाल उन्होंने किया। इसे बदलना होगा। बेरोजगारी बढ़ रही है, लाखों उद्योग बंद हो रहे हैं। देश में जातिवाद, धार्मिक, लैंगिक भेदभाव चल रहा है। यह सच है कि जो अमीर है वह और अमीर होता जा रहा है और जो गरीब है वह और गरीब होता जा रहा है। अगर यह इसी तरह जारी रहा तो हमें अपनी समस्या को खुद दूर करनी होगी। इसके लिए कोई अमेरिका और रशिया से नहीं आएगा, दूसरे देशों के लोग हमारे लिए काम नहीं करेंगे इसलिए जितनी जल्दी जाग जाओ, उतना ही अच्छा होगा, यदि आप इसे बदलना चाहते हैं तो। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) भारत में बदलाव लाने के लिए बनाई गई पार्टी है। भारतीयों के अधिकार की लड़ाई के लिए बीआरएस का निर्माण किया गया है, ऐसा चंद्रशेखर राव ने कहा।