• कर्मचारियों पर बढ़ रहा है काम का बोझ
सामना संवाददाता / मुंबई
महानगर मुंबई में विभिन्न पदों पर लगभग पिछले ७ वर्षों से भर्ती नहीं हुई है। जिसके चलते लगभग १७ हजार पद खाली हैं, जिनमें १३ हजार पदों पर भर्ती अतिआवश्यक बताई जा रही है। मनपा में रिक्त पदों के चलते कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर काम का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। ज्यादातर कर्मचारी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
मनपा कर्मचारी संगठन के अनुसार, फायर ब्रिगेड में लगभग ३ हजार पद रिक्त हैं। हाल ही में ९१० पदों पर भर्ती प्रक्रिया की गई, शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर पद रिक्त हैं। लगभग ४० प्रतिशत पद रिक्त है। यहां कुल १३,४७० पदों में से मात्र ७,८३५ पदों पर शिक्षक हैं। लीपिक अन्य कर्मचारियों के भी लगभग १,५०० पद रिक्त हैं। उसी प्रकार हेल्थ में भी लगभग ७ हजार से अधिक पद रिक्त हैं। हाल ही में मनपा ने ६५२ नर्सेस के पदों की भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए हैं। सहायक आयुक्त के स्तर के ९० पद रिक्त है, तो १६ सहायक आयुक्त पद पर प्रभारी नियुक्त हैं। बता दें कि इसी साल के अंत तक लगभग २० उपायुक्त पद पर तैनात वरिष्ठ अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके अलावा मनपा में चपरासी एवं अन्य कर्मचारियों के लगभग ४ हजार पद रिक्त हैं। इतनी बड़ी संख्या में पद रिक्त होने से मनपा में काम का बोझ बचे हुए कर्मचारियों पर आ रहा है। कई जगहों पर कर्मचारियों को मानसिक वेदना का शिकार होना पड़ रहा है।
तेजी से होगी भर्तियां
अधिकारियों की मानें तो तीन वर्ष पहले कोरोना काल के बाद से महानगरपालिका में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब जाकर धीरे-धीरे शुरू हो रही है। वर्ष २०१७ के बाद से अब ६ सालों बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है। मनपा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए एजेंसी नियुक्त करने की तैयार कर रही है। विभिन्न विभागों में हजारों रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मनपा में नौकरी पाने की आस लगाए बैठे लाखों लोगों के लिए यह सुनहरा अवसर साबित होगा।
ऐसे होगी भर्ती
एक अधिकारी ने बताया कि किसी विभाग को यदि नियुक्ति करनी होगी तो वह इस थर्ड पार्टी एजेंसी को सूचित करेगा। थर्ड पार्टी एजेंसी नियुक्ति के लिए इच्छुकों से आवेदन मंगवाएगी। निर्धारित किए गए शर्तों के अनुसार, लोगों का चयन करेगी और उसकी अंतिम लिस्ट मनपा के उक्त विभाग को सौंपी जाएगी। जिसके बाद मेरिट के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपकर जॉइन करने को कहा जाएगा।