मुख्यपृष्ठनए समाचारमणिपुर में पसरा है मातम : ३ महीने में ३० लापता! ......

मणिपुर में पसरा है मातम : ३ महीने में ३० लापता! … कई सामाजिक कार्यकर्ता हो चुके हैं गायब

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मणिपुर की सांप्रदायिक हिंसा ने पूरे देश को आक्रोशित कर दिया है। गत ३ महीने से जारी हिंसा में करीब २०० लोगों के मारे जाने का अनुमान है। अब एक और खबर ने इस हिंसा की भयावहता को उजागर किया है। इस खबर के अनुसार, मणिपुर में गत ३ महीने की हिंसा में कई आम आदमी व समाजसेवी लापता हो गए हैं। इनकी संख्या ३० बताई जा रही है। ऐसी घटनाओं के कारण मणिपुर में मातम पसरा हुआ है। केंद्र व राज्य सरकार की अकर्मण्यता ने राज्य की स्थिति को और भी दयनीय बना दिया है।
बता दें कि मणिपुर में पिछले ३ महीने से भयानक हिंसा जारी है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी केंद्र व राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। मणिपुर पिछले तीन महीने से सुलग रहा है। कुकी और मैतेई समुदायों के बीच भड़की हिंसा से राज्य की आम जनता परेशान है। इस बीच, हिंसा के दौरान करीब ३० लोगों के लापता होने की खबर है। इसमें आम लोगों से लेकर पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता तक शामिल हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन माह से अब तक ३० लोग सरकारी आंकड़ों से गायब हैं। यह संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इन लापता लोगों में पत्रकार, शोधकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता युमखैबम किरणकुमार सिंह भी लापता हो गए हैं। ६ मई को हिंसा भड़कने के बाद से ही वे लापता हो गए थे और उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारों के अनुसार, किरणकुमार के अलावा और भी कई समाजसेवक लापता हैं। पुलिस अभी तक उनमें से किसी का भी पता नहीं लगा पाई है।

६,००० जीरो एफआईआर दर्ज
मणिपुर पुलिस के अनुसार, आमतौर पर किसी लापता व्यक्ति की शिकायत दर्ज होने के बाद जांच शुरू की जाती है। लेकिन यहां स्थिति इतनी अस्थिर है कि इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अभी तक लापता लोगों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि अब तक ६ हजार से ज्यादा जीरो एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

अन्य समाचार

फेक आलिया