मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र में कानून का नहीं चोरों, डाकुओं और लुटेरों का है राज!..नेता...

महाराष्ट्र में कानून का नहीं चोरों, डाकुओं और लुटेरों का है राज!..नेता प्रतिपक्ष वडेट्टीवार का गंभीर आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि बदलापुर घटना जांच समिति के निष्कर्ष बेहद गंभीर और संवेदनशील हैं। इससे लगता है कि राज्य में कानून का राज नहीं बल्कि चोरों, डाकुओं और लुटेरों का राज हो गया है। मीडिया से बातचीत करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि प्रशासन ने बदलापुर मामले में ४८ घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की है। बच्चियों की जांच करने में डॉक्टरों को १२ घंटे लग गए। समिति द्वारा बताए गए निष्कर्ष महत्वपूर्ण हैं। अब सवाल उठता है कि आखिर प्रदेश कहां जा रहा है। वडेट्टीवार ने कहा कि हमने मांग की है कि रिपोर्ट मिलने के बाद इस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। हमने बंद वापस ले लिया है और हमारा आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे हत्यारों का समर्थन करने वाली सरकार को जनता चुनाव में उनकी जगह दिखायेगी। उन्होंने आगे कहा कि लगता है कि अब कानून का राज नहीं, बल्कि लुटेरों, चोरों और डाकुओं का राज है। ऐसी जानकारी सामने आई है कि लोकसभा चुनाव में ७०-८० करोड़ रुपए दिए गए। अब इस पर कार्रवाई कौन करेगा? ये पैसा सत्ता हासिल करने के लिए खर्च किया गया है। वडेट्टीवार ने कहा कि राज्य आर्थिक रूप से बर्बाद हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महायुति सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार के लिए बेच दिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जितने ठेके १५ वर्षों में नहीं दिए गए, उतने पिछले दो वर्षों में दिए गए हैं।
महाराष्ट्र में महिलाओं पर हिंसा की सबसे अधिक घटनाएं
जनवरी से मार्च के बीच महाराष्ट्र में महिलाओं के प्रति हिंसा की २ हजार १४१ घटनाएं हुई हैं। वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि देश में महिलाओं के प्रति सबसे ज्यादा हिंसा महाराष्ट्र में हो रही है।

अन्य समाचार

एक हैं हम