मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा में लगी इस्तीफों को झड़ी ... टिकट कटने से नाराज नेताओं की...

भाजपा में लगी इस्तीफों को झड़ी … टिकट कटने से नाराज नेताओं की दिल्ली-हरियाणा तक मची भगदड़

– सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, विरोध में कर रहे हैं नारेबाजी

रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
हरियाणा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी बड़ी मुसीबत में फंस गई है। एक-एक करके उनके तमाम नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। गुरुवार को एक साथ कई बड़े विकेट गिरे। कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला और एक महत्वपूर्ण आयोग के अध्यक्ष आदित्य चौटाला ने भी पार्टी से खफा होकर इस्तीफा दे दिया। दोनों के नाम पहली लिस्ट में नहीं थे। नेताओं की उग्र नाराजगी को देखते हुए दिल्ली का शीर्ष नेतृत्व अपने कार्यालयों में कुंडी मारकर बैठ गया है। वहीं, हवा विपरीत बहती देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले से ही दोनों राज्यों के चुनावों से दूरी बनाई हुई है। घोषणा पत्र जारी करने और चुनावी रैलियों से भी प्रधानमंत्री ने खुद को अलग किया हुआ है। उन्हें पता है दोनों राज्यों में पार्टी की स्थिति डामाडोल है।

मालूम हो, हरियाणा विधानसभा के लिए भाजपा की पहली लिस्ट से कई बड़े नाम गायब दिखे, तो नेताओं ने हंगामा काटना आरंभ कर दिया। आक्रोशित नेता दिल्ली स्थित कार्यालय पर भी डेरा डाले हुए हैं, लेकिन उन्हें किसी बड़े नेताओं से नहीं मिलने दिया जा रहा। नाराज नेताओं के समर्थक-कार्यकर्ता ने अब मोदी-शाह मुर्दाबाद के नारे भी लगाने लगे हैं। वहीं, महिला कार्यकर्ता भी भाजपा हाय-हाय के नारे लगा रही हैं। गुरुवार को त्यागपत्र देने वालों में प्रमुख चेहरे कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह, आदित्य चौटाला, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, विधायक करण देव कंबोज और लक्ष्मण नापा शामिल थे। उनके अलावा कई पार्षदों और सैकड़ों भाजपा पदाधिकारियों ने भी पार्टी छोड़ी।

अन्य समाचार