मुख्यपृष्ठविश्वथर्ड टेंशन! ...जेलेंस्की-पुतिन विवाद से दुनिया पर मंडराया खतरा

थर्ड टेंशन! …जेलेंस्की-पुतिन विवाद से दुनिया पर मंडराया खतरा

• ड्रोन हमले के बाद बढ़ा तनाव

एजेंसी / कीव
रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग के खत्म होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। हाल ही में यूक्रेन ने रूस के क्रेमलिन पर हमला किया था। इसके बाद पुतिन-जेलेंस्की विवाद अब नया मोड़ ले रहा है। इसकी वजह से दुनिया पर खतरा मंडराने लगा लगा है। जानकारों की मानें तो दोनों देशों के विवाद के कारण थर्ड टेंशन यानी तीसरे विश्व युद्ध की स्थिति बन सकती है। बता दें कि रूस ने दावा किया है कि उसने बुधवार तड़के क्रेमलिन पर यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन के हमले को नाकाम कर दिया। साथ ही उसने इसे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या का एक असफल प्रयास बताते हुए ‘आतंकवादी’ कृत्य करार दिया।
दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति ने इसका खंडन करते हुए कहा कि यूक्रेन ने पुतिन या रूस पर हमला नहीं किया। रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के अनुसार पुतिन उस समय क्रेमलिन में नहीं थे तथा मॉस्को के बाहर अपने नोवो-ओगारयोवो निवास पर थे। कथित हमले का कोई स्वतंत्र सत्यापन नहीं किया गया है, वहीं रूस के अधिकारियों ने दावा किया कि रात में यह घटना घटी लेकिन इसका सत्यापन करने के लिए कोई सबूत पेश नहीं किया। इस पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्रेमलिन को इस घटना की सूचना देने में इतनी देर क्यों लग गई और इसके वीडियो बाद में क्यों सामने आए?
यूक्रेन रक्षात्मक युद्ध छेड़ता है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ड्रोन हमलों में घायल नहीं हुए हैं। माईखाइलो पोडोलीक ने एक ट्वीट में कहा कि क्रेमलिन के ऊपर ड्रोन हमले खुद रूस द्वारा प्रयोजित हैं, रूस स्पष्ट रूप से बड़े पैमाने पर यूक्रेन पर आतंकवादी हमले की तैयारी कर रहा है। यही कारण है कि वह पहले क्रीमिया में एक बड़े कथित रूप से विध्वंसक समूह को हिरासत में लेता है। इसके बाद क्रेमलिन के ऊपर ड्रोन हमला प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन एक विशेष रूप से रक्षात्मक युद्ध छेड़ता है और रूसी संघ के क्षेत्र में लक्ष्यों पर हमला नहीं करता है।

रूस कर रहा आतंकवादी हमले की तैयारी- यूक्रेन
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के क्रेमलिन निवास पर रात में हुए ड्रोन हमलों के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि रूस बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमले की तैयारी कर रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति के कार्यालय से जेलेंस्की के प्रमुख सलाहकार, माईखाइलो पोडोलीक ने एक ट्वीट में कहा है कि क्रेमलिन पर ड्रोन हमले यूक्रेन द्वारा नहीं किए गए थे। रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन द्वारा राष्ट्रपति पुतिन की हत्या का प्रयास किया गया और रूस ने इसे आतंकवादी हमला भी कहा। रूस ने यह भी कहा कि उसे अपनी पसंद के तरीके, स्थान और समय में जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है।

जेलेंस्की को खत्म करने के अलावा कोई विकल्प नहीं- रूस
मॉस्को के एक स्थानीय समाचार चैनल पर रात में साझा किए गए एक वीडियो में दिखाया गया है कि क्रेमलिन के पास नदी के उस पार से गोलीबारी की गई तथा इमारतों के ऊपर से धुंआ उठता दिखाई दे रहा है। घटना की सत्यता का पता लगाना संभव नहीं है। वीडियो के साथ दिए गए विवरण के अनुसार, पास के अपार्टमेंट की एक इमारत के निवासियों ने देर रात २.३० बजे के आस-पास धमाकों की आवाज और धुएं को देखने की सूचना दी। क्रेमलिन पर यूक्रेन के कथित ड्रोन हमले के बाद रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि मास्को के पास यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को खत्म करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

अन्य समाचार