जी२० में कांग्रेस अध्यक्ष को डिनर पर नहीं बुलाने पर भड़के
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
राजधानी में जी२० का समिट चल रहा है, पर केंद्र सरकार अपनी तानाशाही चला रही है। विपक्ष के नेताओं के साथ उसका व्यवहार अच्छा नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को विदेशी मेहमानों के साथ डिनर का न्यौता नहीं दिया गया। इस पर विपक्ष के कई नेताओं ने एतराज जताया हैं। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने इसे देश में लोकतंत्र के लोप होने का संकेत बताया है। ‘ऐसा केवल गैर-लोकतांत्रिक देशों में होता है’, इन शब्दों के साथ पी. चिदंबरम ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ‘जी२०’ सम्मेलन के भोज में नहीं बुलाया गया। इस मामले में कांग्रेस केंद्र सरकार की आलोचना कर रही है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने भी इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘मैं कल्पना नहीं कर सकता कि एक लोकतांत्रिक देश में विपक्ष के नेता को विश्व नेताओं के साथ भोजन के लिए आमंत्रित नहीं किया जाएगा। ऐसा केवल उसी देश में हो सकता है जहां लोकतंत्र नहीं है। मुझे उम्मीद है कि हमारा देश ऐसी स्थिति में नहीं पहुंचेगा जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व खत्म हो जाए’, इन शब्दों में चिदंबरम ने ट्विटर पर टिप्पणी की। दूसरी तरफ निमंत्रण नहीं मिलने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘यह अच्छी राजनीति नहीं है। उन्हें भी इतने निचले स्तर पर नहीं उतरना चाहिए’, इन शब्दों के साथ खड़गे ने केंद्र को फटकार लगाई है।