मुख्यपृष्ठखबरेंआधी रोटी खाने के लिए हजारों की रोटी छीनी! घाटकोपर में भाजपा...

आधी रोटी खाने के लिए हजारों की रोटी छीनी! घाटकोपर में भाजपा के खिलाफ जनआक्रोश

-जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री को स्नेह भोजन का था निमंत्रण
-बंद किए गए इलाके के सभी रोजगार-धंधे
-परिसर को बदल दिया गया छावनी में

रवि निषाद / मुंबई
घाटकोपर-पूर्व स्थित रमाबाई कॉलोनी में भाजपा के एक कार्यकर्ता के घर स्नेह भोजन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आना था। हालांकि, उनके आगमन से पहले यहां के हजारों लोगों की रोजी-रोटी की व्यवस्था प्रशासन ने छीन ली। इसे लेकर यहां के आम नागरिक, फेरीवाले व दुकानदारों में भाजपा के खिलाफ जनआक्रोश पैâल गया है। ऐसे में सबका साथ, सबका विकास की बातें करनेवालों ने आधी रोटी खाने के चक्कर में हजारों लोगों की रोटी छीन ली, ऐसी चर्चा आम जनता के बीच हो रही है।
गौरतलब है कि बुधवार, १७ मई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुंबई दौरे पर आए थे। उनके तय कार्यक्रम के तहत जेपी नड्डा और देवेंद्र फडणवीस का रमाबाई कॉलोनी में स्थित भाजपा के एक कार्यकर्ता के घर पर दोपहर को स्नेह भोजन का आयोजन किया गया था, जिसके लिए मनपा व पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। बताया जाता है कि जेपी नड्डा और देवेंद्र फडणवीस के घाटकोपर में आने के मद्देनजर यहां के हजारों फेरीवालों, दुकानदारों व अन्य धंधा-व्यापार कर अपना रोजगार कमानेवाले हजारों लोगों का धंधा पूरी तरह बंद करा दिया गया। मतलब इन नेताओं की आधी रोटी के लिए हजारों की रोटी छीनने का काम भाजपाइयों ने किया था। पूरे परिसर में कर्फ्यू का माहौल बना दिया गया था।
इस बारे में मुन्ना ठाकुर नामक एक फेरीवाले ने बताया कि दो दिन से इन भाजपाइयों ने हमारी रोजी-रोटी छीन ली थी। पूरे परिसर को छावनी में तब्दील किया गया था। इसी तरह अविराज ने बताया कि हम सबका खाना खराब कर ये भाजपाई अपनी आधी रोटी खाने आए थे। इसी तरह यहां के कई दुकानदारों ने बताया कि हमें अपने घरों व दुकानों से बाहर निकलना भी मुश्किल इन भाजपाइयों ने पुलिस व मनपा प्रशासन की मिलीभगत से कर दिया, जो कि हमारे साथ अन्याय है। वे अपना उल्लू सीधा करने के लिए हजारों लोगों के रोजमर्रा की जिंदगी से खिलवाड़ करने आए थे।
सूत्रों का कहना है कि जिस कार्यकर्ता के घर स्नेह भोजन का कार्यक्रम था, वहां सभी बाहर से आए हुए थे। जेपी नड्डा के साथ उपमुख्यमंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, मुंबई अध्यक्ष सहित कुछ गिने-चुने लोग ही दिखाई दिए। जबकि इन दोनों नेताओं के स्वागत-सम्मान के लिए इस क्षेत्र की सड़कों का रंग-रोगन व सफाई के लिए पिछले दो दिन से मनपा कर्मचारी-अधिकारी लगे हुए थे। पुलिस ने तो पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था, जिससे स्थानीय निवासियों का बुरा हाल हो गया था और जनता में इनके प्रति आक्रोश की भावना दिखाई दे रही थी।

अन्य समाचार