सामना संवाददाता / मुंबई
बोरिवली स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जल्द ही तेंदुआ सफारी शुरू की जाएगी। अब तक पर्यटकों के लिए तेंदुए की सफारी की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं थी। तेंदुआ सफारी के लिए ३० हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी, जो इस क्षेत्र में उपलब्ध है। इस परियोजना के लिए लगभग ५ करोड़ रुपए का खर्च अपेक्षित है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्षभर में करीब २० लाख पर्यटक इस उद्यान का दौरा करते हैं। यदि तेंदुए की सफारी शुरू की जाती है तो पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और इससे उद्यान का राजस्व भी बढ़ेगा। मुख्य वन संरक्षक श्रीजी मल्लिकार्जुन ने इस परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव पालकमंत्री के समक्ष पेश किया। परियोजना के विस्तृत प्रस्ताव के बाद पालकमंत्री ने इस क्षेत्र में नई तेंदुआ सफारी तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक निधि वन विभाग और जिला नियोजन समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने तत्काल प्रस्ताव तैयार कर पेश करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।
संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में तेंदुआ और शेर की दो सफारी उपलब्ध है। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में पाए गए तेंदुए के शावकों को इस उद्यान में संरक्षण दिया जाता है और उनका पालन-पोषण किया जाता है।
संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में २६ जनवरी को गुजरात से `भारत’ और `भारती’ नामक दो ३ वर्षीय शेर लाए गए हैं।