वाढ़वन बंदरगाह परियोजना की आधारशिला रखने आ रहे हैं पीएम
योगेंद्र सिंह ठाकुर / पालघर
आज वाढ़वन बंदरगाह परियोजना की आधारशिला रखने पीएम मोदी पालघर आनेवाले हैं। स्थानीय मछुआरे इस परियोजना का भारी विरोध कर रहे हैं। इसके तहत राज्यभर के मछुआरे इस बंदरगाह परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए मोदी के सामने सरकार की शवयात्रा निकालेंगे।
कल केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पालघर में इस शिलान्यास कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस न्प्रâेंस की। मगर मछुआरों के सवालों पर जवाब नहीं दे पाए और कॉन्फ्रेंस जल्दी खत्म कर चलते बने। उधर भड़के मछुआरों ने वाढ़वन बंदरगाह परियोजना को विनाशकारी और लाखों लोगों को उजाड़ने वाली बताते हुए उसकी और सरकार की शवयात्रा निकालने का एलान किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने समुद्री इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया है और बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बंदरगाह परियोजना के विरोधियों का कहना है कि उन्हें नोटिस भेजकर डराने का प्रयास किया जा रहा है। वाढ़वन बंदरगाह विरोधी संघर्ष समिति के वैभव वझे ने कहा कि मछुआरे अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। दहानू के वाढ़वन में बंदरगाह बनने से लाखों लोगों का रोजगार समाप्त हो जाएगा। मछुआरों को डराने के लिए उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है। वझे ने कहा कि मछुआरों में भीषण आक्रोश व्याप्त है। वह अपने-अपने घरों पर काले झंडे लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की शवयात्रा निकालेंगे।